NEWS BY MUSTAFFA
मेसरा (रांची): बीआईटी मोड़,केदल स्थित मनरखन महतो बीएड कॉलेज में मंगलवार को छात्र परिषद का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-27 के लिए विभिन्न पदों हेतु चुनाव व सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। मतदान को लेकर विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखा गया। “लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए प्रतिनिधि” चुनाव परिणामों की घोषणा के अनुसार,निशांत एक्का को छात्र परिषद का अध्यक्ष चुना गया। वहीं,सुनील केरकेट्टा उपाध्यक्ष,निर्मल टूटी महासचिव और रोहित जॉन तिर्की कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। अन्य महत्वपूर्ण पदों पर प्रिंस होरो (स्पोर्ट्स क्लब सचिव),अंजलि टोप्पो (कला क्लब सचिव),अजय उराँव (पत्रिका संपादक) और रोशिता मिंज (एससी-एसटी प्रतिनिधि) का चयन किया गया। विभिन्न संकायों का प्रतिनिधित्व परिषद में शैक्षणिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए मनीषा तिग्गा (बीएड प्रथम वर्ष),रोहित कुजूर (बीएड द्वितीय वर्ष),फुलदेव उराँव (एमएड प्रथम वर्ष) और निशांत कुमार पटेल (एमएड द्वितीय वर्ष) को प्रतिनिधि चुना गया। चयन के पश्चात सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने कॉलेज की मर्यादा और अनुशासन बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। “प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं” संस्था के अध्यक्ष मनरखन महतो ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निदेशक मनोज कुमार महतो ने छात्रों से अपील की कि वे शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक और खेलकूद में भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। प्राचार्य डॉ. दूधेश्वर महतो ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र परिषद कॉलेज और विद्यार्थियों के बीच एक सेतु का कार्य करेगी। उन्होंने अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। इस मौके पर ट्रस्टी सदस्य वीरेंद्र नाथ ओहदार,प्रबंधक मुकेश कुमार महतो,प्रशासिका मीना कुमारी,पूनम कुमारी सहित कॉलेज के सभी व्याख्याता और कर्मचारी उपस्थित थे।
