MUSTAFA
मेसरा: राष्ट्रीय खेल दिवस व हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर 29 अगस्त (दिन शुक्रवार) को मनरखन महतो बीएड कॉलेज बीआईटी मोड़ केदल (रांची) में अंतर महाविद्यालय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि सह कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो ने मेजर ध्यानचंद के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि मनरखन महतो ने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ध्यानचंद के तीन ओलंपिक (1928,1932 और 1936) में भारत को स्वर्ण पदक दिलाए। इसी वजह से उन्हें हॉकी का जादूगर कहा जाता है। श्री महतो ने बताया कि जर्मनी के शासक हिटलर ने ध्यानचंद को धन और पद का प्रस्ताव दिया था। लेकिन उन्होंने देश प्रेम के कारण इसे स्वीकार नहीं किया। निदेशक मनोज कुमार महतो ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिता छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। प्रत्येक विद्यार्थी को नियमित रूप से ऐसे प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। वहीं प्राचार्य डॉ० दूधेश्वर महतो ने सभी अतिथियों,शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी। इस प्रतियोगिता में मेजबान मनरखन महतो बीएड कॉलेज के अलावा आरटीसी बीएड कॉलेज,रामशोभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन,शहीद शेख भिखारी बीएड कॉलेज एवं फातमा टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। इनके बीच सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ। जिसमें मनरखन महतो बीएड कॉलेज को प्रथम,रामशोभा बीएड कॉलेज द्वितीय एवं आरटीसी बीएड कॉलेज को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अध्यक्ष मनरखन महतो,ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,निदेशक मनोज कुमार महतो, प्रबंधक मुकेश कुमार, प्रशासिका मीना कुमारी एवं प्राचार्य डॉ० दूधेश्वर महतो ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कॉलेज के सभी व्याख्यातागण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी आदि का अहम योगदान रहा।