Mustafa Ansari
रांची: झारखंड पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को ग्राम चुटू स्थित रिंग रोड जोहार ढाबा परिसर में क्षेत्रीय सरना समिति अध्यक्ष सह झारखंड पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बच्चन उरांव की अध्यता में संपन्न हुई। इसमें मुख्य अतिथि झारखंड पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव सह पूर्व राज्य मंत्री अशोक भगत रहे। मुख्य अतिथि अशोक भगत ने कहा कि मनुष्य के जीवन में संगठन का बड़ा महत्व है। अकेला मनुष्य शक्तिहीन है,जबकि संगठित होने पर उसमें शक्ति आ जाती है। संगठन की शक्ति से मनुष्य बड़े-बड़े कार्य भी आसानी से कर सकता है।
इसलिए संगठन में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम हम सब का है। जो भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता पार्टी के लिए समर्पित है उन्हें संगठन में बेहतर स्थान दिया जाएगा। किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ताओं के साथ कोई भेदभाव न रखते हुए उसके काम को तवज्जो दी जाएगी तथा उसे आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। भगत ने यह भी कहा कि झारखंड पार्टी जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए हमेशा तैयार रहती है,और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए काम करती है।
अंत में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को जनता की सेवा में लगने का आह्वान भी किया है। इनके अलावा कार्यकारी अध्यक्ष रिजवान अहमद,केंद्रीय सचिव मनोज पाहन, क्षेत्रीय सरना समिति अध्यक्ष सह पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बच्चन उरांव,जिला अध्यक्ष श्याम देव करमाली एवं सिल्ली प्रभारी रविंद्र लाल यादव ने भी अपनी बातें रखी। बैठक में अनिल पासवान,मुख्तार अंसारी,अमरदीप कुमार,जाकिर हुसैन,राजेश प्रसाद महतो, लाल किशोर दास,प्रशांत मुंडा,शहादत हुसैन,अत्ताउल्लाह हाफिज,सुदर्शन यादव आदि मौजूद रहे।