Eksandeshlive Desk
रांची : राजधानी रांची में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी की तपिश और उमस से काफी राहत मिली। बारिश होने से तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के पूर्व जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री था, बारिश के बाद यह गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश होने से जहां तापमान में कमी आई, वहीं मौसम भी सुहावना हो गया। उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से अच्छी बारिश नहीं होने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई और उमस में भी इजाफा हुआ, लेकिन बारिश होने से लोगों को दोनों से राहत मिली।
10 जून से राज्य भर में छिटफुट बारिश होने की संभावना : मौसम विभाग ने 10 जून से राज्य भर में छिटफुट बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के झारखंड में 15 जून के बाद पहुंचने की संभावना है। विभाग के अनुसार 10 से 13 जून तक गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं 14 जून को राज्य के अधिकांश स्थानों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश सरायकेला जिले के कुचाई में 28.2 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटेनगंज में 39.2 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को बारिश से पहले रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा। गर्मी और उमस से लोग व्याकुल रहे। रांची में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री, जमशेदपुर में 37.8, डालटेनगंज में 40.1, बोकारो में 37.5 और चाईबासा में तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।