मोतिहारी की डाॅ. नीतू कुमारी नूतन ऑस्ट्रलिया में करेंगी बिहार व भारत की समृद्ध लोक-कला संस्कृति का प्रदर्शन

CULTURE

Ashok Verma

मोतिहारी : भारत की लोक संस्कृति की वाहक बिहार व भारत की समृद्ध कलात्मक विरासतों को देश-विदेश में स्थापित करने वाली राष्ट्रपति अवार्डी एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात कला शख्सियत डाॅ. नीतू कुमारी नूतन आस्ट्रेलिया की धरती पर अपने फन का जादू बिखेरेंगी। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय अंतर्गत आईसीसीआर ने आस्ट्रेलिया सरकार के आमंत्रण पर डाॅ. नूतन के साथ बारह सदस्यीय टीम को गुरुवार को आस्ट्रेलिया के लिए रवाना किया। डाॅ. नूतन एवं उनकी टीम 25 अक्टूबर से 02 नवंबर तक आस्ट्रेलिया के मेलबॉर्न एवं सिडनी में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर बिहार और भारत की प्रमुख लोक कला- लोक संस्कृति एवं लोक विरासतों को गीत एवं नृत्य के माध्यम से प्रदर्शित करेंगी।

मेलबॉर्न एवं सिडनी के विभिन्न मंचों पर विभिन्न प्रस्तुतियां देंगी : डाॅ. नूतन ने बताया कि मेलबॉर्न एवं सिडनी के विभिन्न मंचों पर वे दीपावली, छठ महापर्व के गीत- नृत्य के साथ बिहार की पारंपरिक लोक संस्कृति व उत्तर प्रदेश की लोक कलाओं के विभिन्न स्वरूप तथा विशेषताओं को खासतौर पर रखेंगी। उसके साथ भारत की समृद्ध लोक संस्कृति- लोक विरासत जैसे- अवधि, बनारस की लोक विधाएं, मिर्जापुरी गीतों की लड़ी, गुजरात का डांडिया नृत्य सहित भारत के कई राज्यों की प्राचीन लोक कला- लोक संस्कृति की झांकियों की प्रस्तुति भी वे अपने गायन एवं टीम के कलाकारों द्वारा नृत्य के माध्यम से करेंगी। डाॅ. नूतन ने कहा कि आस्ट्रेलिया में वे चार- पांच दशक से विलुप्त हो चुकी बिहार व चंपारण की अति प्राचीन पारंपरिक व प्रचलित लोक शैली ‘पीड़िया’ का नये संस्करण के साथ अपने गीत एवं टीम द्वारा नृत्य के माध्यम से प्रदर्शन करेंगी। भारत सरकार के संगीत नाटक अकादेमी द्वारा नमित ‘राज्य गुरु’ डाॅ. नूतन ने बताया कि इसके अलावा बिहार की अति प्राचीन व चार- पांच दशक से विलुप्त हो रही ‘बिम्बो’ लोक संस्कृति को पुनर्जीवित कर नये शोध एवं नयी शैली के रुप में उन्होंने कुछ नये गीत व नृत्य जोड़कर तैयार किए हैं। डाॅ. नूतन ने कहा कि अति प्राचीन लोक विधा ‘बिम्बो’ में नये शोध के बावजूद इसकी मौलिकता को बरकरार रख इसे फिर से जीवंतता प्रदान की गई है, जिसे इन अंतरराष्ट्रीय मंचो पर इसे वे खासतौर पर प्रदर्शित करेंगी। डाॅ. नूतन ने बताया कि उनके साथ टीम में बिहार की स्थापित युवा गायिका सिमरन, श्रुति, आशीष जौनी, संजना, कमलेश देव, शिखा जौनी, सुदामा पाण्डेय, राजन, सोनाली, मानवी, राजन एवं भोला जैसे प्रतिभावान कलाकार गए हैं। डाॅ. नूतन ने अपनी इस यात्रा के लिए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय आईसीसीआर एवं आमंत्रण के लिए आस्ट्रेलिया सरकार के प्रति आभार जताया है।

Spread the love