मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प, निषेधाज्ञा लागू

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू/हजारीबाग : पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प के बाद मेदिनीनगर सदर एसडीएम सुलोचना मीणा के आदेश पर 48 घंटे के लिए निषेधज्ञा लागू कर दी गई है। 7 जुलाई की रात 12 बजे से 48 घंटे के लिए तक यह आदेश जारी किया गया है। बताते चले कि रविवार की शाम पाल्हे कला गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच झड़क हो गई थी, जिसे पुलिस और प्रशासन ने रोकने की कोशिश की लेकिन तभी एक पक्ष के जरिये पत्थरबाजी शुरू कर दी गई। इस क्रम में ग्रामीण गौतम कुमार सिंह और प्रवीर सिंह पर तलवार से हमला किया गया, जिससे दोनों घायल हो गए हैं। दोनों सगे भाई हैं। उन्हें इलाज के लिए मेदिनीनगर के आशी केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। इस दौरान हुई हिंसक झड़प में दूसरे पक्ष से भी कई लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील : घटना की जानकारी मिलने पर एसपी रिष्मा रमेशन और एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। सधपुर, संडा, रहमतनगर और बंगलापर के ताजिया के पाल्हे कला के गढ़वट पहुंचने पर विवाद हुआ था। सदर एसडीएम सुलोचना मीणा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत विभिन्न धाराओं के तहत 48 घंटे के लिए निषेधाज्ञा लागू की है। इस अवधि में चार या उससे अधिक लोगों के एक साथ इकट्ठा होने, जुलूस निकालने या किसी भी तरह की सार्वजनिक सभा पर पूरी तरह से रोक रहेगी। प्रशासन की यह कदम एहतियातन उठाया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसडीएम ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों से बचने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, 15 लोग घायल : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुरांव-पौता गांव में रविवार देर रात मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इसमें करतब दिखाने के दौरान आग की चपेट में आकर 15 लोग झुलस गए। इनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मुहर्रम जुलूस के दौरान आग का प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी बीच डीजल डालते ही अचानक आग भड़क उठीं और वहां मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना इतनी अचानक हुई कि कोई कुछ समझ पाता, उससे पहले स्थिति अनियंत्रित हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे कुछ लोगों को रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है। इस हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

Spread the love