मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, कार्यालय ने 5 राजनीतिक दलों से मांगे शपथ पत्र

Election

Eksandeshlive Desk

रांची : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा सूचित किया गया है कि झारखंड के 5 राजनीतिक दलों यथा हजारीबाग के आपका हमारा पार्टी, गिरिडीह के बहुजन सदन मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम के झारखंड दिशाेम पार्टी, रांची के हम किसान पार्टी एवं झारखंड जनाधिकार पार्टी द्वारा पिछले 06 वर्षों से लोकसभा/विधानसभा के आम चुनाव/उप चुनाव में भाग नहीं लिया गया है।राजनीतिक दलों के पंजीकरण के लिए दिशानिर्देशों में उल्लेख है कि यदि कोई दल लगातार 6 वर्षों तक चुनाव नहीं लड़ता है, तो उस दल को पंजीकृत दलों की सूची से हटा दिया जाएगा। इसके अलावा, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के अनुसार, दलों को उनके पंजीकरण के समय नाम, पता, पदाधिकारी आदि जैसे विवरण देने होते हैं और किसी भी बदलाव को बिना किसी देरी के आयोग को सूचित करना होता है।

उक्त दलों को राजनीतिक दलों की सूची से हटाने के क्रम में आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में अध्यक्ष/महासचिव को पार्टी के तरफ से शपथ पत्र सहित लिखित पक्ष मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखण्ड, राँची को भेजने हेतु दिनांक 22.08.2025 तक एवं दिनांक 29.08.2025 को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा पूर्वाह्न 11.00 बजे सुनवाई हेतु तिथि एवं समय निर्धारित की गई है। इस आशय की सूचना राजनीतिक दलों को आयोग द्वारा उनके पंजीकृत पते पर भी भेजी गई है। साथ ही इसकी जानकारी समाचार पत्रों में आम सूचना के माध्यम से एवं विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी प्रसारित की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उक्त राजनीतिक दलों के प्राधिकृत प्रतिनिधियों से इस संबंध में ससमय वांछित कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

Spread the love