मुख्यमंत्री और मंत्री ने हॉकी कोच प्रतिमा बरवा के निधन पर जताया शोक

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हॉकी कोच प्रतिमा बरवा के निधन पर शोक जताया है। सोरेन ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि झारखंड सहित देश को कई प्रतिभाशाली अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी देने वाली हॉकी कोच प्रतिमा बरवा का असामयिक निधन अत्यंत दुखदायक है। जीवन के संघर्ष में आज वह सभी को छोड़कर चली गयीं। झारखंड की मेहनतकश बेटियों की आदर्श थीं प्रतिमा जी। उनका निधन झारखंड ही नहीं, देश के हॉकी जगत के लिए भी अपूरणीय क्षति है। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी में सहन करने की शक्ति दें।

प्रदेश की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने भी कोच प्रतिमा बरवा के निधन पर शोक जताया है। शोक व्यक्त करते हुये उन्होंने कहा कि देश को कई प्रतिभाशाली महिला हॉकी खिलाड़ी देने वाली प्रख्यात कोच प्रतिमा बरवा के निधन से भारतीय खेल जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनका समर्पण, अनुशासन और प्रशिक्षण की विरासत आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

Spread the love