Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को शपथ लेने के बाद प्रोजेक्ट भवन पहुंचे और वहां पदभार ग्रहण किया। इस दौरान मुख्य सचिव अलका तिवारी, कैबिनेट सेक्रेट्री वंदना दादेल सहित अन्य आला अफसरों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। साथ ही झारखंड सचिवालय सेवा संघ के अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद के नेतृत्व में सचिवालय कर्मियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली कैबिनेट में विधानसभा के विशेष सत्र के आयोजन की स्वीकृति दे दी है। विधानसभा का विशेष सत्र 9 दिसंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार का विश्वास मत हासिल करेंगे। विशेष सत्र के लिए स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। इस कैबिनेट में कुल सात निर्णय लिए गए।
सीएम ने पत्रकारों काे फैसलों की दी जानकारी
कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट भवन में पत्रकारों काे कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। एक-दो दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार की संभवना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जल्द ही झारखंड में बहुमत की सरकार का गठन होगा, एक-दो दिनों के अंदर ही मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। सरकार बहुत ही मजबूती से आने वाले दिन में काम करेगी, खनन पर लगने वाले टैक्स के दरों में वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री सोरेन ने बताया कि राज्य का राजस्व बढ़ाने पर खनन के विभिन्न दरों की समीक्षा की जाएगी। खनन पर लगने वाले टैक्स को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा, इसके लिए कमेटी बनेगी।
पहली कैबिनेट में इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
1.मंईयां सम्मान योजना के तहत दिसंबर से हर हाल में 2500 रुपये समान राशि देने का भी फैसला हुआ।
2.असम के चाय बागानाें में कार्यरत झारखंडियाें की सुविधाओं के लिए एक विशेष सर्व दलीय समिति बनेगी और उसकी रिपोर्ट झारखंड सरकार को सौंपेगी।
3.असम चाय बगान में काम रहे झारखंड के मूलवासियों की स्थिति को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल असम जाएगा।
4.वित्त विभाग को ये निर्देश दिया गया कि वह कोषांग गठित करें जो भारत सरकार के पास लंबित एक लाख 36 करोड़ रुपये लाने का कार्य करें। इसके लिए कानूनी कार्रवाई करें।
5.जेपीएससी और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर 1 जनवरी 2025 से पहले जारी करने का निर्देश दिया गया।
6.शहीद अग्निवीर अर्जुन महतो की माता हुलासी देवी को 10 लाख का चेक देने और उनके भाई बलराम महतो को नियुक्ति पत्र सौंपा। अर्जुन असम में 22 नवंबर को एक मुठभेड़ में बलिदान हाे गए थे।
शहीदों के सम्मान और सहायता के लिए सरकार प्रतिबद्ध : हेमंत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार काे झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ लेने के पहले ही दिन शहीदों को सम्मान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। मुख्यमंत्री ने बोकारो जिला के चंदनक्यारी प्रखंड स्थित फतेहपुर गांव के निवासी शहीद अग्निवीर अर्जुन महतो की माता हुलासी देवी को अनुग्रह अनुदान राशि के रूप में 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। इसके साथ शहीद अग्निवीर के भाई बलराम महतो को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन, विधायक उमाकांत रजक और शहीद की बहन लक्ष्मी कुमारी मौजूद थीं।
कहा-हमारी सरकार हमेशा से शहीदों के साथ हर कदम पर खड़ी है
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हमेशा से शहीदों के साथ हर कदम पर खड़ी है। राज्य सरकार शहीदों के सम्मान और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहीद अर्जुन महतो के परिजनों से कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सैनिकों की तरह अग्निवीरों के शहीद होने पर उनके परिजनों को 10 लाख रुपए अनुग्रह राशि और एक परिजन को आश्रित को सरकारी नौकरी देने का नीतिगत निर्णय पहले ही ले चुकी है। विदित हो कि झारखंड के अग्निवीर अर्जुन महतो असम के सिलचर में तैनात थे। इस माह 21 तारीख़ की देर रात्रि उग्रवादियों के साथ हुए मुठभेड़ में वे वीरगति को प्राप्त हुए थे।