Eksandeshlive Desk
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल का विस्तार पांच दिसंबर को रांची स्थित राजभवन के बिरसा मंडप में होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
इस मंत्रिमंडल विस्तार में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के छह, कांग्रेस के चार और राजद के एक विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा राज्यपाल प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी को भी शपथ दिलाएंगे, जो विधानसभा सत्र से पहले नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। झारखंड विधानसभा में स्टीफन मरांडी सबसे वरिष्ठ विधायक हैं। वह पहली बार 1980 में विधायक चुने गये थे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के रुप में मोरहाबादी मैदान में 28 नंवबर को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन में 56 सीटें मिली हैं। इनमें झामुमो को 34, कांग्रेस को 16, राजद को चार और भाकपा-माले को दो सीटें मिली हैं जबकि विपक्ष में एनडीए को 24 सीटें मिली हैं।