मुर्गा देने में देरी पर विवाद में सब्जी विक्रेता की पीट कर हत्या

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : मुर्गा काटकर नहीं देने के बाद हुए विवाद में एक सब्जी विक्रेता की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। यह घटना सोमवार को पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के केल्हवा साप्ताहिक बाजार में हुई। मृतक की पहचान पांकी के गढ़गांव निवासी अब्दुल बारिक मियां उर्फ करीमन (51) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अब्दुल बारिक मियां साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गए थे। उसी बाजार में उनके गांव का एक युवक मुर्गा खरीदने आया था। दुकान में भीड़ रहने के कारण दुकानदार मुर्गा काटकर देने को तैयार नहीं था। खड़ा मुर्गा ले जाने को कहा, इसे लेकर युवक की दुकानदार से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अब्दुल बारिक मियां उर्फ करीमन बीच बचाव और मामले को सुलझाने गये। इसी बीच मुर्गा लेने आया युवक मौके से भाग गया।

इसके बाद मुर्गा दुकानदार ने अपने कुछ रिश्तेदार को बुला लिया उस युवक की तलाश शुरू की। उन्हें पता चला कि जिस युवक से विवाद हुआ था, उसी के गांव का रहने वाला अब्दुल बारिक मियां बाजार में मौजूद हैं। इसी आधार पर आरोपियों ने अब्दुल बारिक मियां को घेर लिया और उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल अब्दुल बारिक मियां को पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें एमएमसीएच रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति नाजुक देखते हुए रांची के रिम्स भेजा जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मंगलवार को गांव के चौक पर हंगामा और जाम करने का प्रयास किया गया, लेकिन पांकी एवं पिपराटाड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया तथा कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पिपराटांड़ थाना प्रभारी नितेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है। परिजनों के आवेदन पर मामला दर्ज किया जाएगा।

Spread the love