“न गंदगी करेंगे, न गंदगी करने देंगे”- रेलवे की सतर्कता एवं स्वच्छता पहल पर रांची रेल मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक का आह्वान

360°

राष्ट्रीय एकता दिवस, सतर्कता जागरूकता सप्ताह और विशेष स्वच्छता अभियान 5.0 पर संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन, प्रो. सत्यनारायण उरांव ने “एक पेड़ मां के नाम” को सराहा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जे.एन. कॉलेज, धुर्वा में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं सेमिनार का सफल समापन

Eksandeshlive Desk

रांची : भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस, सतर्कता जागरूकता सप्ताह तथा विशेष स्वच्छता अभियान 5.0 के अवसर पर संयुक्त रूप से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जे.एन. कॉलेज, धुर्वा में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं सेमिनार का समापन शनिवार को हुआ। कार्यक्रम का विषय था – “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी”। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की भूगोल विभाग की प्रमुख डॉ. कुमारी सुंदरम ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय संचार ब्यूरो, रांची के कार्यालय प्रमुख शाहिद रहमान के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने केवडिया में शुक्रवार को आयोजित एकता दिवस कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को साझा करते हुए एकता, अखंडता और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। दीप प्रज्वलन के बाद गीत एवं नाटक प्रभाग के सांस्कृतिक दल ने स्वागत गीत “ऐ रे मोर झारखंड, ले ले मोर जोहार ले…” प्रस्तुत किया, जिसके बाद स्वच्छता और भ्रष्टाचार पर आधारित नाटक का मंचन किया गया।

रेलवे की सतर्कता पहल और स्वच्छता प्रयास : रांची रेल मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक शुचि सिंह ने उपस्थित लोगों को सतर्कता शपथ दिलाई और रेलवे के स्वच्छता प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे, स्वच्छ भारत अभियान का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि बायो टॉयलेट, सीसीटीवी निगरानी, “रेल मदद” ऐप और वेस्ट टू आर्ट म्यूजियम जैसी पहलें स्वच्छता को प्रोत्साहित कर रही हैं। न केवल स्टेशन बल्कि चलती ट्रेनों की भी सफाई अब हाइटेक उपकरणों से की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी अमृत स्टेशन योजना के मूल में भी स्वच्छ भारत का सपना शामिल है। श्रीमती सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नारे “न गंदगी करेंगे, न गंदगी करने देंगे” को दोहराते हुए सभी से प्रतिवर्ष 100 घंटे स्वच्छता के लिए समर्पित करने की अपील की। रणधीर सिंह, मुख्य वित्त प्रबंधक (विजिलेंस), सीसीएल रांची ने बडौली सत्याग्रह पर विचार व्यक्त करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन किया। उन्होंने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत सीसीएल द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में 1100 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह किया गया। उन्होंने पीआईडीपीआई शिकायत प्रणाली, नई तकनीक के उपयोग और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। अमोद कुमार, सहायक आयुक्त (वाणिज्यकर), झारखंड सरकार ने कहा कि सतर्कता जागरूकता एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है और इसके लिए सरकार अनेक कानूनों एवं नियमों पर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार ने सेवा का गारंटी अधिनियम लागू किया है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से समाज में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

स्वच्छता और सामाजिक योगदान पर विमर्श : सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद श्रीमती चम्पा तिग्गा ने स्वच्छता आंदोलन में आदिवासी समाज के योगदान पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के तीन प्रमुख पहलू- स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वच्छ पर्यावरण अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विभाग का दायित्व नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सीआईएसएफ के पदाधिकारी अरविंद पाठक ने राष्ट्रीय उपक्रमों की सुरक्षा में सीआईएसएफ की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एटॉमिक प्लांट से लेकर संसद तक की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि “सुरक्षा और संरक्षण” सीआईएसएफ का मूल मंत्र है और यह बल प्राकृतिक आपदाओं के समय भी सेवा देने के लिए तत्पर रहता है। जे.एन कॉलेज के बॉटनी विभागाध्यक्ष सत्यनारायण उरांव ने पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत@2047 में जनसहभागिता के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की सराहना करते हुए पेड़ों के संरक्षण के प्रति सभी को जागरूक होने का आह्वान किया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन अंग्रेजी विभाग की प्रमुख श्रीमती जयानलिनी एक्का ने किया। कार्यक्रम में जे.एन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शमशुन नेहार, प्रफेसर, छात्र-छात्राएं तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो, रांची के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया : कंचन प्रिया (जूलॉजी) – प्रथम स्थान, रूपा कुमारी (भूगोल) – द्वितीय स्थान, राज स्मिता सिन्हा (अंग्रेजी) – तृतीय स्थान, हेरम्बी होरो (मुंडारी) – चतुर्थ स्थान, दीप्ति मिंज (इतिहास) – पंचम स्थान।

Spread the love