नाबालिग की हत्या के मामले में चचेरे जीजा और भाई गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : जिले के सतबरवा के पोची के पंकज यादव (14) हत्याकांड में उसके जीजा पिपराटाड़ तितलंगी के रमेश कुमार यादव और चचेरे भाई पोची के मंदीप कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। अवैध संबंध का भेद खुलने और जमीन विवाद में पंकज की हत्या कर दी गई थी। 28 अक्टूबर को पंकज के पिता बाली यादव ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था और रमेश कुमार यादव और उसके साथियाें पर संदेह व्यक्त किया था। अनुसंधान के क्रम में रमेश को पकड़ा गया। पूछताछ करने पर हत्याकांड का खुलासा हुआ। रमेश की निशानदेही पर मृतक के चचेरे भाई मंदीप कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया।

एसपी रीष्मा रमेशन ने गुरुवार को एसपी कार्यालय सभागार में बताया कि रमेश कुमार यादव पंकज का चचेरा जीजा है। रमेश का पोची गांव में किसी महिला के साथ प्रेम प्रसंग था और पंकज ने उस महिला के साथ रमेश को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। रमेश को डर था कि पंकज किसी को जानकारी न दे दे। उसने मंदीप के साथ मिलकर पंकज की हत्या की योजना बनायी। पंकज के पिता के साथ मंदीप का जमीन विवाद चल रहा था। कई बार जमीन विवाद को लेकर मंदीप और बाली यादव के बीच बहस हुई थी। इसी विवाद को लेकर मंदीप ने रमेश का साथ दिया। योजना अनुसार छठ के पहले अर्घ्य के दिन छठ घाट से रमेश और मंदीप ने पंकज को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पोची नहर के पास ले गए और दोनों ने मिलकर हाथ से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया। पानी कम होने पर शव बुधवार की शाम को नजर आयी। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया गया। रमेश और मंदीप ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल (जेएच 03ए 8421) और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। कार्रवाई टीम में सतबरवा के थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा, पुअनि प्रदीप कुमार, ददन राम गोंड (अनुसंधानकर्ता), सुबोध कुमार, सुधीर कुमार सहित अन्‍य जवान शामिल थे।

Spread the love