नई दिल्ली स्टेशन हादसा रेलवे की बड़ी नाकामी, कांग्रेस ने मांगा रेल मंत्री से इस्तीफा

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को सीधे तौर पर रेलवे की नाकामी करार देते हुए रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से इस्तीफा मांगा है। कांग्रेस ने आराेप लगाया कि इस दुखद घटना के पीड़िताें के आंकड़ों को रेलवे प्रशासन छिपा रहा है। कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने रविवार काे पत्रकार वार्ता के दाैरान आरोप लगाया कि सरकार हादसे के समय राहत और बचाव कार्यों की बजाय लीपा-पोती में लगी थी। उन्होंने कहा कि हादसे की दुखद घटना को स्वीकार करने की बजाय आंकड़ों को छुपाया जा रहा था। नई दिल्ली रेल हादसा सीधे तौर पर प्रशासनिक व्यवस्था की नाकामी है। श्रीनेत ने कहा कि आश्चर्य की बात है कि हादसे से कुछ देर पहले ही रेलवे की सुरक्षा समीक्षा बैठक हुई थी। क्या यह केवल औपचारिकता भर थी। दूसरी और हादसे के पहले हर घंटे 1500 से अधिक प्लेटफार्म टिकट बिक रहे थे। क्या प्रशासन को अंदाजा नहीं था कि इतनी भीड़ आने वाली है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि रेलवे प्रशासन की नाकामी के कारण आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक दम घुटने से 18 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 9 महिलाएं, 4 पुरुष और 5 बच्चे शामिल हैं। हादसे के चश्मदीदों की बातें सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। उन्हाेंने आराेप लगाया कि कुलियाें ने शवों को लाद-लादकर बाहर निकाला। वहां पुलिस प्रशासन और एंबुलेंस की व्यवस्था तक नहीं थी।

दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद : नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की हुई मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतक आश्रितों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बिहार के रहनेवाले मृतक आश्रितों को 2 लाख रुपये एवं घायलों को 50 हजार रुपये की की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल हुये लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

हिन्दुस्तानी अवाम पार्टी रेल मंत्री के साथ : मांझी

हिन्दुस्तानी अवाम पार्टी (एचएएम) के मुखिया एवं केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को लेकर रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का बचाव किया है। मांझी ने कहा है कि हमने माना कि रेलवे के अधिकारियों से चूक हुई है, पर इसका मतलब यह नहीं कि सीधे तौर पर रेल मंत्री का इस्तीफ़ा मांग लिया जाए। रविवार काे साेशल मीडिया के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में केन्द्रीय मंत्री मांझी ने कहा कि घटना निःसंदेह आकस्मिक है, पर हमें यह देखना चाहिए कि कई करोड़ लोगों को एक साथ कितनी मुश्किल से रेल मंत्रालय कुंभ स्नान करवा रहा है। इसके लिए अश्विनी वैष्णव के काम की तो तारीफ़ होनी चाहिए। ‘हम’ रेल मंत्री के साथ है।