भारतीय पर्यटकों को ले जाने के लिए इंडिगो एयरलाइंस का चार्टर्ड विमान काठमांडू पहुंचा
Eksandeshlive Desk
काठमांडू : नेपाल में राजनीतिक संकट के बीच जेन जी के एक समूह ने कुलमान घीसिंग को अंतरिम सरकार का प्रमुख बनाने का प्रस्ताव रखा है। वहीं नेपाल में फंसे भारतीय पर्यटकों को ले जाने के लिए इंडिगो एयरलाइंस का चार्टर्ड विमान काठमांडू पहुंच गया है। इस बीच सेना प्रमुख जनरल अशोक राज ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को मौजूदा हालात की जानकारी दी है। वहीं सेना मुख्यालय के बाहर झड़प में आंदोलनकारियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इससे पहले नेपाल में नई सरकार को लेकर गुरुवार को सेना मुख्यालय में आर्मी चीफ जनरल अशोक राज के नेतृत्व में अहम बैठक हुई, जिसमें जेन-जी के सात प्रतिनिधि भी शामिल हुए। अपना प्रतिनिधि चुनने के मुद्दे पर सेना मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे युवाओं में फूट पड़ गई, जिसके बाद दो गुट आपस में ही भिड़ गए।
सुशीला कार्की के नाम का विरोध : बैठक में मौजूद सुशीला कार्की और दुर्गा प्रसाई के नाम पर सहमति न बनने पर लंबी वार्ता के बाद प्रदर्शनकारियों ने अंतरिम प्रधानमंत्री के लिए अब कुलमन घिसिंग का नाम आगे रखा है। कुलमान घीसिंग के पास प्रशासनिक अनुभव है और उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। प्रदर्शनकारियों ने अंतरिम प्रधानमंत्री के लिए सुशीला कार्की के नाम का विरोध इसलिए किया है, क्योंकि उनके पति पर विमान अपहरण का आरोप है और उन्होंने इस मामले में दो साल मुंबई की जेल में बिताए हैं। नेपाल की प्रथम महिला प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की की नियुक्ति अपदस्थ प्रधानमंत्री केपी ओली के संवैधानिक परिषद् के अध्यक्ष रहते की गई थी। नेपाल की संसद में एक बार सुशीला कार्की के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव भी लाया गया था, जिसके बाद कुछ दिनों तक उन्हें अपने पद से निलंबित रहना पड़ा। बाद में कोर्ट ने उनके निलंबन को खारिज करते हुए उन्हें दोबारा प्रधान न्यायाधीश के रूप में काम करने के लिए फैसला सुनाया।
दाहाल ने की संविदान के दायरे में समाधान की अपील : नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने एक बयान में संसद विघटन नहीं करने और संविधान के दायरे में समाधान ढूंढने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन संविधान और संसद के विरोध में नहीं था। इसलिए संसद भंग करने का परिणाम ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और गणतंत्र पर कोई समझौता नहीं हो सकता है। युवाओं के इस आंदोलन के बाद लोकतंत्र और गणतंत्र को और मजबूत करना पहली जिम्मेदारी है। प्रचंड ने कहा कि युवाओं की मांग संसद विघटन की मांग नहीं, बल्कि संविधान में आवश्यक बदलाव किये जाने की है। इसलिए संवैधानिक और राजनीतिक संकट के समाधान के लिए सभी पक्षों के बीच सहमति आवश्यक है। सेना प्रमुख ने राष्ट्रपति को स्थिति से अवगत कराया उधर, सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल ने राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल से बात कर उनको सभी स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने राजनीतिक और संवैधानिक प्रयासों के बारे में जानकारी दी है।
नेपाल में जेन ज़ी प्रदर्शनों में मरने वाली संख्या 34 हुई, 1368 घायल : नेपाल में सत्ताधारी नेताओं के खिलाफ हाल ही में “जेनरेशन जेड” के हिंसक प्रदर्शनों में देशभर में मरने वालों की संख्या 34 हो गयी है जबकि इन प्रदर्शनों में 1368 लोग घायल हुए हैं। नेपाल के समाचारपत्र दि हिमालयन टाइम्स ने देश के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय के हवाले से यह खबर दी। मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. प्रकाश बुढ़ाथोकी ने बताया कि समूचे देश में इन हिंसक प्रदर्शनों में कम से कम 34 लोगों की मौत हुई है और 1368 लोग घायल हुए हैं। हालांकि ज़्यादातर घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अब तक कुल 949 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। इस बीच देश के कई क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन जारी रहने की सूचनाओं के कारण स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय के अधिकारी अस्पतालों पर नज़र रख रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। वहीं सेना मुख्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों ने पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग का आरोप लगाते हुए भारतीय मीडिया को लाइव प्रसारण से रोका है। प्रदर्शनकारियों ने पत्रकारों को रिपोर्टिंग से रोक दिया और उन्हें बेस के सामने के क्षेत्र से हटा दिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने मीडिया पर राजतंत्र समर्थक होने का आरोप लगाते हुए उन्हें रिपोर्टिंग से रोक दिया। नेपाली सेना ने पत्रकारों को तनाव को रोकने के लिए साइट छोड़ने का निर्देश दिया।
एयर इंडिया ने दिल्ली से काठमांडू भेजा विशेष विमान : नेपाल के काठमांडू हवाई अड्डे के दोबारा शुरू होने के बाद भारत सरकार ने फंसे यात्रियों को राहत देने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था शुरू कर दी है। इसी क्रम में एयर इंडिया ने बुधवार रात दिल्ली से काठमांडू के लिए विशेष विमान (AI 221) रवाना किया। यह विमान रात करीब 8:30 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर काठमांडू पहुंचा। वापसी में AI 222 विमान देर रात करीब एक बजे काठमांडू से दिल्ली लौटने की संभावना है। इस विशेष विमान में 170 यात्री सफर कर सकते हैं। एयर इंडिया ने बताया कि गुरुवार को 6 नियमित विमान दिल्ली से काठमांडू जाएंगे और 6 विमान वहां से लौटेंगे। इसके साथ ही एक और विशेष उड़ान भी चलाई जाएगी। इस तरह कल कुल 7 विमान दिल्ली से काठमांडू रवाना होंगे और 7 विमान वापस लौटेंगे।
