Eksandeshlive Desk
रांची : नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर चार्जशीट के विरोध में कांग्रेस पार्टी देशभर में ईडी दफ्तरों के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रही है। रांची में हिनू रोड स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया। नेताओं में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू, सह प्रभारी डॉ सिरिवेला प्रसाद, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की, जलेश्वर महतो, मंत्री डॉ इरफान अंसारी, सुबोधकांत सहाय, विधायक सुरेश बैठा, रामचन्द्र सिंह, नमन विक्सल कोंगाडी, अम्बा प्रसाद, राजेश ठाकुर, डॉ प्रदीप बलमुचू, केएन त्रिपाठी, गुंजन सिंह सहित अन्य शामिल थे।
भाजपा बार-बार कर रही लोकतंत्र की हत्या : मौके पर झारखंड प्रभारी के राजू ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की ओर से लोकतंत्र और संविधान की हत्या बार-बार की जा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लगातार सदन में रोजगार, महंगाई, किसानों की समस्या और देश की गिरती हुई अर्थव्यवस्था के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया है। इससे केंद्र सरकार विचलित हो गयी है और हमारी आवाज को दबाने के लिए ईडी का सहारा ले रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब-जब किसी राज्य में चुनाव आता है तो भाजपा ईडी को सक्रिय कर देती है ताकि जनता की आवाज दबाई जा सके। उन्होंने कहा कि जितने भी भ्रष्टाचारी हैं भाजपा ने ऐसे सभी लोगों को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। सह प्रभारी डॉ सिरिवेला प्रसाद ने कहा कि विपक्ष के नेताओं की आवाज दबाना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर कुठाराघात है। भाजपा देश को गुमराह कर रही है। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करना भाजपा की राजनीति धमकी के अलावा कुछ नहीं है। हम चुप नहीं रहेंगे। हम कल भी लड़े थे अब भी लड़ेंगे। लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे।
बाबूलाल बोले-चोरी के साथ सीनाजोरी कर रही कांग्रेस : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की ओर से कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चोरी भी करती है फिर धरना प्रदर्शन के रूप में लूट को छिपाने के लिए सीनाजोरी भी करती है। उन्होंने ईडी की कार्रवाई को उचित कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में धरना प्रदर्शन का अधिकार है। कांग्रेस पार्टी देश भर में धरना प्रदर्शन कर रही है। लेकिन उन्हें जमीन और फंड लूटने का अधिकार नहीं है।बाबूलाल मरांडी बुधवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ने कहा नेशनल हेराल्ड को शुरू किया गया था। शुरुआत में इसके पांच हजार शेयर होल्डर्स थे। यानी नेशलन हेराल्ड कभी नेहरू खानदान की जागीर नहीं रहा। इसमें उस समय के बड़े-बड़े क्रांतिकारियों का भी सहयोग था। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड का प्रकाशन आर्थिक विफलता के कारण 2008 में बंद हो गया। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने 90 करोड़ रुपये की राशि एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड को दी, जो इस अखबार को प्रकाशित करती थी।