Eksandeshlive Desk
रांची : खाद गड्ढा सब्जी मंडी, सुखदेव नगर थाना के नजदीक रांची नगर निगम की ओर से BSUP योजना के तहत बनाए गए गरीबों के लिए फ्लैट में रह रहे लोगों को बीते दिनों नगर निगम ने नोटिस देकर 5 फरवरी 2025 तारीख तक खाली करने का अल्टीमेटम दिया था। नोटिस मिलते ही वहां रह रहे लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया है। इसको लेकर फ्लैट के कुछ लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा के महानगर और जिले के नेताओं से मिलकर बात रखी। इसके फल स्वरुप सोमवार को आवास के समीप महानगर के नेताओं ने वहां रह रहे लोगों की बातों को सुना। सभी ने कहा कि फ्लैट बनने से पूर्व इस स्थान पर हम लोग रह रहे थे। हम लोगों के आवास को तोड़कर यहां फ्लैट बने और इन फ्लैटों में हम लोग 12 से 13 वर्षों से रह रहे हैं। बीते दिनों हम लोगों को यहां से हटाने का नोटिस दिया गया है। ऐसी स्थिति में हम कहां जाएंगे। हम गरीब परिवार के लोग हैं।
इस दौरान महानगर के झामुमो नेता अरुण वर्मा ने कहा कि हमने जिस वक्त फ्लैट बन रहे थे उस वक्त तत्कालीन उपमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी को आवंटन हेतु सूची के साथ पत्र दिया था। उस पत्र पर तत्कालीन उपमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने जांच कर उचित कार्रवाई करने का आदेश दिया था। उस सूची पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, उन्हें किसी तरह का कोई आवंटन नहीं किया गया। झारखंड मुक्ति मोर्चा गरीबों की सरकार है और यह हमेशा से गरीबों के कल्याण के लिए उनके हक और अधिकार के लिए काम करती रही है। अरुण वर्मा ने कहा कि यह सरकार गरीबों की सरकार है। झामुमो के लोगों ने इस विषय को अपने संज्ञान में लिया है और गरीबों का हक दिलाकर रहेंगे।
झामुमो के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालजी रमन ने फ्लैट में रहने वाले लोगों की व्यथा को सुना और कहा कि गरीबों की सरकार आप लोगों को यहां से बेघर नहीं होने देगी। नोटिस के संदर्भ में नगर निगम के प्रशासक से मंगलवार 5:00 बजे शाम को हम लोग मिलेंगे और उनसे इस बिंदु पर विचार विमर्श कर आप सब को न्याय दिलाने का कार्य करेंगे। बैठक में रांची जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, रांची महानगर के पूर्व अध्यक्ष लालजी रमन, पूर्व सचिव अरुण वर्मा, जेएमएम के वरिष्ठ नेता शिवनंदन मिश्रा, बालेश्वर मेहता, निजामुद्दीन अंसारी विक्रांत विश्वकर्मा अजय सोनी, सत्येंद्र वर्मा, कन्हैया जैसवाल, संतोष वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित हुए कार्यक्रम का संचालन विक्रांत विश्वकर्मा ने किया।