SUNIL KUMAR
साहिबगंज: नगर निकाय आम निर्वाचन के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने आज उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पुलिस लाईन परिसर में आयोजित मतदान पदाधिकारी प्रथम एवं द्वितीय के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बैलेट पेपर से मतदान कराने की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता की समीक्षा की। उपायुक्त ने उपस्थित मतदान पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में सजगता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को मतदान के दिन पूर्ण निष्ठा के साथ लागू करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को कुल 276 मतदान पदाधिकारियों को मतदान की प्रक्रिया, बैलेट पेपर के उपयोग, मतदाता पहचान तथा मतदान से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुझू कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन द्वारा नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं।
