Eksandeshlive Desk
रांची : जदयू प्रदेश कार्यालय में कार्यसमिति की बैठक में सह नव निर्वाचित जदयू विधायक सरयू राय का अभिनंदन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने की। इस दौरान भाजयुमो के केंद्रीय अध्यक्ष रहे धर्मेंद्र तिवारी, पीएन सिंह, उदय सिंह एवं अन्य लोग विधिवत रूप से जदयू में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने उन्हें दल की सदस्यता ग्रहण कराई।
कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए खीरू महतो ने कहा कि भविष्य में निकाय चुनावों की संभावित घोषणा के मद्देनजर नगर निकाय चुनाव कोषांग का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक सरयू राय झारखंड की राजनीति के चाणक्य हैं। संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए इनके मार्गदर्शन पर चलने का कार्य करेंगे। हर विषय पर राय कर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने भाजयुमो से जदयू में आए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा किसी को कष्ट नहीं होने देंगे। सभी को दायित्व दिया जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि संगठन संघर्ष से बनता है। पार्टी कार्यकर्ता संपर्क, समस्या और समाधान के मूल मंत्र से संगठन का काम करें। उन्हें सदस्यता अभियान में तेजी लाने की बात कही। साथ ही बैठक में अनुपस्थित कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नाेटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि काम नहीं करने वालों को पदमुक्त करें।