नहीं रही सुरों की मल्लिका आशा भोसले, देशभर में शोक की लहर

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

मुंबई : भारतीय संगीत जगत की दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। रविवार को उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। शनिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज यूनिट में उनका इलाज चल रहा था। दुनियाभर के फैंस आशा भोसले की सलामती की दुआ कर रहे थे, लेकिन सुरों की यह महान आवाज आज खामोश हो गई। इसकी पुष्टि उनके बेटे आनंद भोसले ने की। आशा भोसले को अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण की शिकायत के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती जनाई भोसले ने पहले ही सोशल मीडिया के जरिए उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी थी और लोगों से निजता बनाए रखने की अपील की थी। जैसे ही उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई, फैंस बड़ी संख्या में अस्पताल और उनके घर के बाहर जुटने लगे थे। सभी को उम्मीद थी कि आशा भोसले जल्द स्वस्थ होकर लौटेंगी, लेकिन उनकी यह उम्मीद टूट गई। आशा भोसले का सोमवार को दादर स्थित शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भारतीय संगीत जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है : परिवार के अनुसार आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जिसके बाद शाम 4 बजे मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार होगा। इसी स्थान पर उनकी बहन और स्वर कोकिला लता मंगेशकर का भी अंतिम संस्कार किया गया था। 8 सितंबर 1933 को जन्मीं आशा भोसले ने सात दशकों से अधिक लंबे करियर में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी और भारतीय सिनेमा को अपना अमूल्य योगदान दिया। उनके पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर स्वयं एक प्रतिष्ठित गायक और अभिनेता थे। आशा ने बेहद कम उम्र में संगीत की दुनिया में कदम रखा था और मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद हिंदी सिनेमा में ‘सावन आया’ जैसे गीतों से उन्होंने पहचान बनाई और देखते ही देखते वह संगीत की दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित हस्तियों में शुमार हो गईं। उनके निधन से भारतीय संगीत जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। पिछले आठ दशकों से भारतीय सिनेमा में अपनी आवाज़ से सबको मंत्रमुग्ध करने वाली मशहूर गायिका आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने आज बताया कि उनकी मां और मशहूर सिंगर आशा भोसले को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके ऑर्गन काम नहीं कर रहे थे, जिसके कारण आज अस्पताल में ही उनका निधन हो गया।

पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा : महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्यमंत्री आशीष शेलार ने बताया, “आज महाराष्ट्र समेत पूरा देश बहुत दुखी है। एक युग का अंत हो गया है। आशाताई हमें छोडक़र चली गई हैं। आशाताई के होने से हमें सालों तक सुकून मिलता था। उनकी खासियत थी दुख को गले लगाना और लोगों को खुशी देना। उनकी उपलब्धियों के दुनिया दीवाने थे। ऐसी आशाताई आज हमारे बीच नहीं रहीं। अब, जैसा कि परिवार ने कहा है, उनका पार्थिव शरीर कल लोअर परेल में उनके घर पर रखा जाएगा। लोग वहां उन्हें अपनी आखिरी श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उसके बाद शिवाजी पार्क के श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। कार्यमंत्री शेलार ने कहा कि उनका न होना हमारे लिए जिंदगी भर का दुख रहेगा।”

Spread the love