Eksandeshlive Desk
पलामू : मेदिनीनगर नगर निगम का चुनाव दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। आरोप प्रत्यारोप का दौर तेज है। इस क्रम में मेयर पद की प्रत्याशी जय श्री गुप्ता और मीना गुप्ता का अरुणा शंकर को समर्थन किए जाने पर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने गुरूवार को मेदिनीनगर के एक होटल में तंज करते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास दोनों मेयर उम्मीदवार को खरीदने के लिए यहां आए थे। 70 और 40 लाख में इन्हें खरीदा गया और समर्थन की घोषणा कराई गई।
केएन त्रिपाठी ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा है कि वार्ड और मेयर के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री दिन-रात एक किए हुए हैं। स्टार प्रचारक फिल्म अभिनेत्री का आगमन हो रहा है। धनबल का खुल्लम खुल्ला उपयोग हो रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि चुनाव प्रचार में 15 लाख की जगह 15 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च होने वाला है। इसलिए आयोग को मामले की निष्पक्ष जांच कराए। उन्होंने कहा कि नेता बिक जाएं, लेकिन यहां की जनता कभी नहीं बिकेगी। यदि कोई जनता की कीमत लगाएगा तो उनको उनका औकात बता दिया जाएगा। सारे घटनाक्रम को जनता देख रही है और समय जल्द आने वाला है। इसका जवाब मिलेगा। त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि 1130 करोड रुपए बंदरबांट करने के लिए रखे गए हैं और उसका उपयोग इस चुनाव में धड़ल्ले से किया जा रहा है। मौके पर कांग्रेस पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
