निर्माणाधीन जगन्नाथ मंदिर का द्वारिका पीठ के शंकराचार्य ने किया निरीक्षण

360° Ek Sandesh Live Religious

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम: जिले के मनोहरपुर स्थित मुनि आश्रम में निर्माणाधीन भगवान जगन्नाथ मंदिर का शुक्रवार को द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का विस्तृत जायजा लेते हुए निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को जरूरी निर्देश दिया और मंदिर को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में तैयार करने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने कहा कि भगवान जगन्नाथ का यह मंदिर क्षेत्र में धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और पारंपरिक वास्तुकला का विशेष ध्यान रखने की बात कही, ताकि आने वाले समय में यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख तीर्थ स्थल के रूप में विकसित हो सके।मंदिर का निर्माण आध्यात्मिक उत्थान मंडल की देखरेख में किया जा रहा है। निर्माणाधीन मंदिर करीब 1900 वर्ग फीट क्षेत्रफल में तैयार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मंदिर की वास्तुकला दक्षिण भारतीय शैली में विकसित की जा रही है, जिससे इसकी बनावट और संरचना विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।शंकराचार्य ने मंदिर परिसर के साथ-साथ मंदिर तक जाने वाली सड़क का भी निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर तक आने-जाने का मार्ग सुगम और व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुनि आश्रम पहुंचे और शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान चरण पादुका की विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।मौके पर आश्रम प्रभारी ब्रह्मचारी विश्वानंद, शिव प्रताप सिंहदेव, इंद्रजीत मलिक सहित कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर निर्माण से जुड़े लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे जल्द ही पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर सकें।

Spread the love