रांची: एदलहातू, मोराबादी स्थित निर्मला कॉन्वेंट हाई स्कूल में वार्षिक खेलकूद दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड अभिभावक संघ एवं हिंदी साहित्य भारती, झारखंड के अध्यक्ष श्री अजय राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद बसंती लकड़ा तथा विशेष अतिथि के रूप में टी.ओ.पी. प्रभारी, उप निरीक्षक पूजा विभूति रंजन उपस्थित रहीं। साथ ही नवयुवक संघ क्लब सारण समिति, एदलहातू, मोराबादी के अध्यक्ष श्री गुड्डू मुंडा, उपाध्यक्ष श्री सूरज मुंडा, महासचिव श्री मुकेश मुंडा, सचिव आशीष मुंडा सहित संघ के सभी सदस्यों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विजय कुमार शर्मा द्वारा ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देकर किया गया। सभी अतिथियों को पौधा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति का संदेश दिया गया।मुख्य अतिथि श्री अजय राय ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और संघर्ष से जूझने की क्षमता विकसित करता है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का संतुलन अत्यंत आवश्यक है। खेल के मैदान में सीखा गया अनुशासन जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की नींव रखता है।”उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना को अपनाएं और स्वस्थ शरीर व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में दौड़, रिले रेस, सैक रेस एवं रस्साकशी जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। वहीं कराटे प्रदर्शन में छात्रों ने आत्मरक्षा, साहस और अनुशासन का प्रभावशाली परिचय देकर दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं प्रधानाचार्य द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी के लिए स्मरणीय बन गया।मौके पर विद्यालय की शिक्षिकाएँ एवं शिक्षक—किरण कुमारी, अनामिका छेत्री, आशुतोष कुमार, अमनदीप कुमार, राहुल कुमार, मोनी बाला शर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।
