Eksandeshlive Desk
रांची : पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुलापाबुरू, दलाईगढ़ा और मरांगपोंगा के जंगली-पहाड़ी इलाके में सोमवार को नक्सलियों की ओर से लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में झारखंड जगुआर बम निरोधक दस्ता के आरक्षी मनोज कुमार दमाई घायल हो गए। घायल जवान को पुलिस बल की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय और सीआरपीएफ के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से प्राथमिकी उपचार के बाद बेहतर इलाज के लये रांची के राज अस्पताल भेजा गया, जहां जवान का इलाज चल रहा है। जवान के पैर में चोट है। जवान की स्थिति स्थिर है।
प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों के लिए भ्रमणशील हैं। इसी सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 एवं 209 बटालियन, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ 26, 60, 134, 174, 193, 197 बटालियन की संयुक्त टीम की ओर से चार मार्च से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान सोमवार को नक्सलियों की ओर से पूर्व में लगाए गए आईईडी में विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर आरक्षी मनोज कुमार दमाई घायल हो गए। आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता एवी होमकर ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ जिले में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पूर्व से लगाये गये आईईडी की चपेट में आने से मनोज कुमार दमाई घायल हुआ है। उसका इलाज चल रहा है, उसकी स्थिति स्थिर है। नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान लगातार जारी है।