News by Mustaffa
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के नयाटोली स्थित कोरल प्ले स्कूल में शनिवार को वार्षिक खेलकूद दिवस-2026 का भव्य आयोजन किया गया। “Let’s Play, Let’s Grow,Let’s Shine” के प्रेरणादायी संदेश के साथ आयोजित इस समारोह में नन्हे बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा और असीमित ऊर्जा से अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि केदल मुखिया राहुल मुंडा,विशिष्ट अतिथि मेसरा पश्चिमी के पूर्व मुखिया गंगा करमाली,स्कूल के चेयरमैन राजेन्द्र महतो,निदेशक गुड़ीया देवी एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य रीता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्थान के अध्यक्ष राजेन्द्र महतो ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान पूरा स्कूल परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों और झंडों से सजा हुआ था,जो उत्सव के माहौल को और भी खुशनुमा बना रहा था। प्रतियोगिताओं की शुरुआत मेढ़क रेस और बिस्कुट रेस से हुई,जिसमें बच्चों की मासूमियत और जीतने का जज्बा देखते ही बन रहा था। इसके बाद रनिंग रेस और कई मजेदार टीम गेम्स का आयोजन हुआ। ‘Game On’ के पोस्टर के साथ मैदान में उतरे बच्चों ने अनुशासन और टीम भावना का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। ‘खेलों से होता है सर्वांगीण विकास’ मुख्य अतिथि राहुल मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं,बल्कि बच्चों में टीम भावना और अनुशासन के बीज भी बोते हैं। वहीं,पूर्व मुखिया गंगा करमाली ने स्कूल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छोटे बच्चों के आत्मविश्वास में जबरदस्त वृद्धि होती है। समारोह के समापन पर विजयी प्रतिभागियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। चेयरमैन राजेन्द्र महतो ने अतिथियों,अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्य रूप से आनंद महतो,प्रकाश महतो,जलेश महतो,संजय महतो,महेश साहू सहित कई गणमान्य समाजसेवी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।
