Eksandeshlive Desk
पलामू : जिले के पाटन प्रखंड के हिसरा बरवाडीह पंचायत के मटपुरही टोला में आपसी विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही गुरूवार को पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति फरार है। महिला की पहचान मटपुरही की 40 वर्षीय सरिता देवी, पति मनोज भुइयां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। बुधवार रात्रि में भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी क्रम में पति ने पत्नी की गला दबाकर जान ले ली। यह भी बताया जा रहा है कि पति-पत्नी अक्सर साथ में शराब का सेवन करते थे।
मृतका का 12 वर्षीय पुत्र विकास कुमार ने बताया कि उसके पिता अक्सर शराब का सेवन करते थे। कहीं काम भी नहीं करते थे। उसकी मां काम कर किसी तरह से घर परिवार चलाती थी। बुधवार शाम में गांव से काम कर घर वापस आया तो देखा कि मां-पिताजी नशे में थे। विवाद नहीं हो रहा था। 10 बजे रात्रि तक घर के बाहर बालू पर मोबाइल देख रहे थे। तब तक सब कुछ ठीक था। इसके बाद घर में जाकर सो गया। गुरुवार सुबह सोकर उठा तो देखा कि उसकी मां का शव बालू पर पड़ा हुआ है और पिताजी भी घर पर ही है। विकास ने कहा कि उसके पिता ने ही मां की हत्या की। सूचना पर पाटन थाना से एएसआई अर्मेंद्र कुमार, धर्मेंन्दर कुमार सिंह, विष्णु कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस घटना से संबधित सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस को देख कर मृतका का पति मनोज घर से फरार हो गया।