नवंबर में रेलवे की माल परिवहन 135.7 मिलियन टन, पिछले वर्ष की तुलना में 4.2% अधिक

Business

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारत के 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए, कुशल, विश्वसनीय और विस्तार योग्य लॉजिस्टिक प्रणाली की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। भारतीय रेल, जो देश की सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक धमनियों में से एक है, माल एवं यात्रियों को अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचाकर इस प्रगति को गति दे रही है। यह न केवल लॉजिस्टिक लागत को कम कर रही है, बल्कि उद्योगों के तेज एवं सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। साथ ही, भारतीय रेल प्रतिदिन दो करोड़ से अधिक यात्रियों के आवागमन को संभव बनाकर देश की परिवहन प्रणाली की रीढ़ को सुदृढ़ कर रही है।

नवंबर 2025 तक संचयी आधार पर भारतीय रेल की माल ढुलाई 3.3% बढ़कर 1,070.8 मिलियन टन हो गई है। यह उपलब्धि विशेष रूप से इसलिए उल्लेखनीय है क्योंकि भारतीय रेल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के केवल आठ महीनों में ही 2013-14 के पूरे वर्ष (1,055 मिलियन टन) की तुलना में अधिक माल ढोया है। यह सतत वृद्धि औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत कर रही है, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार को समर्थन दे रही है तथा एक अधिक किफायती एवं सतत लॉजिस्टिक पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा दे रही है। रेल परिवहन सड़क परिवहन की तुलना में लगभग आधी लागत में उपलब्ध होने से, उद्योगों को महत्वपूर्ण बचत होती है और व्यापक आर्थिक लाभ सुनिश्चित होते हैं। जैसे-जैसे अधिक थोक माल रेल की ओर स्थानांतरित हो रहा है, लाभ केवल व्यावसायिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं हैं—रेल परिवहन कार्बन उत्सर्जन को कम करता है, राजमार्गों पर भीड़ घटाता है और उद्योगों—विशेषकर एमएसएमई—को अधिक हरित एवं विश्वसनीय लॉजिस्टिक विकल्प प्रदान करता है। यह बदलाव भारत की सतत विकास प्रतिबद्धता को मजबूत करता है और नेट ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन लक्ष्यों के अनुरूप रेलवे को आर्थिक एवं पर्यावरणीय प्रगति का प्रमुख वाहक बनाता है। नवंबर 2025 में भारतीय रेल ने 135.7 मिलियन टन माल ढुलाई की, जो पिछले वर्ष नवंबर के 130.2 मिलियन टन की तुलना में 4.2% अधिक है। जिन वस्तु श्रेणियों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है उनमें पिग आयरन एवं फिनिश्ड स्टील – 16%, लौह अयस्क – 9.7%, उर्वरक – 10.6%, कंटेनर – 6.8%, अन्य शेष सामान – 23.6% शामिल हैं। यह वृद्धि रेलवे के माल परिवहन में स्वस्थ विविधता को दर्शाती है।

Spread the love