न्यायिक अधिकारियों ने किया मंडल कारा का निरीक्षण, बीमार कैदियों के इलाज का दिया निर्देश

360° Ek Sandesh Live


सिमडेगा: झालसा के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा और प्राधिकार सचिव मरियम हेमरोम ने बुधवार को मंडल कारा का औचक निरीक्षण कर जेल व्यवस्थाओं एवं बंदियों के हितार्थ संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान जेल किचन में भोजन व्यवस्था सहित खाने और बंदियों के उपयोग के लिए अनाज की गुणवत्ता देखी। साथ ही पुरूष एवं महिला बैरक,जेल अस्पताल,वीसी एवं कियोस्क कक्ष,मुलाकात एवं उद्यमिता कक्ष इत्यादि का भी निरीक्षण कर स्वच्छता व हाईजीन के बारे में जानकारी ली। प्रधान जिला न्यायाधीश ने बंदियों से संवाद कर समस्याएं भी पूछी तथा उचित मामलों में न्यायालय एवं प्राधिकार द्वारा उच्च न्यायालय में अपील के लिए निःशुल्क निर्णय प्रति प्रदान करने के लिए निर्देशित किया। बंदियों के जमानत और रिहाई की जानकारी लेकर प्राधिकार सचिव को बंदियों को लेकर जरूरी निर्देश दिए। प्रधान जिला जज ने मंडलकारा का निरीक्षण के दौरान बंदियों से बात चित करते हुए उन लोगों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। जेल में बंद कैदियों से उन्होंने जेल से मिलने वाले भोजन,स्वास्थ्य सुविधा,रख रखाव आदि के बारे जानकारी लेते हुए जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अध्यक्ष और सचिव ने महिला बंदियों से भी मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। महिला बंदियों के साथ रह रहे छोटे छोटे बच्चों को भी जेल मैन्युअल के मुताबिक आवश्यक सुविधा देने के निर्देश दिए। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों ने पाया कि इस समय जेल में कुल 206 कैदी बंद हैं,जिनमें 202 विचाराधीन और 4 सजायाफ्ता हैं। इस दौरान पीडीजे ने पाया कि दो बंदी बीमार हैं,जिन्हें बेहतर चिकित्सा की आवश्यकता है,इन दोनों बंदियों को पीडीजे ने तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराने का निर्देश दिया। मौके पर प्राधिकार के चीफ एलएडीसीएस प्रभात कुमार श्रीवास्तव,असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल,जेल अधीक्षक अजय कुमार आदि मौजूद थे।

Spread the love