Eksandeshlive Desk
रांची : भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि ओबीसी वर्ग के प्रबुद्धजनों को भी पार्टी का सदस्य बनाना है। एक बड़ी आबादी इस वर्ग की है, जो राष्ट्र के विकास में अहम भूमिका अदा करती है। ओबीसी वर्ग का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान है। पिछड़ा जाति मोर्चा झारखंड प्रदेश की संगठन पर्व सदस्यता अभियान के तहत हरमू स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में राय ने कहा कि लोकतंत्र विरोधी, राष्ट्र विरोधी और विकास विरोधी ताकतों से लड़ने के लिए भाजपा संगठन को निरंतर गति देने के लिए नए सदस्यों को जोड़ना आवश्यक है। भाजपा केवल चुनाव के लिए नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को राष्ट्र की प्रगति में भागीदार बनाने के लिए संकल्पित है।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी विचारों की संवाहक और कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। इसलिए सदस्यता अभियान संवैचारिक लोगों की संख्या बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि 22 दिसंबर से सदस्यता अभियान की विधिवत शुरुआत होगी। इसके तहत 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री और झारखंड निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रत्येक बूथ पर कम से कम 100 सदस्य बनाना है। इसके बाद सक्रिय सदस्य बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। भाजपा को 59 लाख से अधिक सदस्य बनाना है। ओबीसी मोर्चा को पांच लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
सदस्यता अभियान के संयोजक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि यह मात्र एक अभियान नहीं, बल्कि संगठन महापर्व है। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग का साथ भारतीय जनता पार्टी को सदा मिलता रहा है। इसलिए मोर्चा की जिम्मेदारी है कि वे इस अभियान में समान विचारधारा के लोगों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाएं। यह संगठन का नियमित कार्य है, जिसके माध्यम से संगठन को मजबूती मिलती है। साथ ही कार्यकर्ताओं को अपनी नेतृत्व क्षमता दिखाने का मौका मिलता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अमरदीप यादव ने स्वागत भाषण एवं विषय प्रवेश में कहा कि ओबीसी मोर्चा ने स्थापना काल से संगठन और चुनाव के कार्यों में पूरी निष्ठा से मेहनत किया है। विगत विधानसभा चुनाव में भी ओबीसी मोर्चा ने पूरी जिम्मेदारी निभाई है। भाजपा प्रदेश आईटी सेल के संयोजक राहुल अवस्थी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन को प्रोजेक्टर के माध्यम से सदस्यता अभियान के ऑनलाइन और ऑफलाइन की तकनीकी विषयों को बताया। साथ ही 8800002024 पर मिस्ड कॉल करके सदस्य और सक्रिय सदस्य बनने की प्रक्रिया को समझाया।