Eksandeshlive Desk
पलामू: जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के छतरपुर में एक वृद्ध को ओझा गुणी बताकर गड़ासे से मारकर गंभीर कर दिया गया। वृद्ध को बेहतर इलाज के लिए शुक्रवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वृद्ध की पहचान चन्द्रदीप भुइयां के रूप में हुई है। इस संबंध में एमएमसीएच चौकी की पुलिस ने वृद्ध का बयान लेकर तरहसी पुलिस को जानकारी दी है।
वृद्ध की पत्नी अनार देवी के अनुसार गुरूवार देर रात चन्द्रदीप भुइयां कमरे में सोए हुए थे। उसी कमरे में दूसरी खाट पर वह भी सोई हुई थी। इसी क्रम में तेज आवाज सुनी। देखा कि अंता भुइयां, जय राम और श्रीराम भुइयां उसके पति को गड़ासा से मार रहे हैं। बीच बचाव और शोर करने पर उसके पति की जान बची। बीच बचाव में अगर थोड़ा लेट हो जाती तो उसके पति की गर्दन काट दी जाती।
महिला ने बताया कि अंता, जयराम, श्रीराम उसके भतीजा लगते हैं। चन्द्रदीप को उसके भाई चनेश्वरी भुइयां और उसके परिवार के लोग ओझा गुणी मानते हैं। पहले भी विवाद हुआ है। उसकी बहू छवि देवी की पिटायी कर दी गयी थी।
उसने बताया कि घर पर उसके अलावा उसकी बहू थी। बहू अपने कमरे में थी। इसी का फायदा उठाकर पुरानी रंजिश के कारण उसके पति की हत्या करने की कोशिश की गयी।
महिला ने बताया कि गोतिया परिवार से जमीन विवाद भी चला आ रहा है, लेकिन ओझा गुणी बताकर जान लेने की कोशिश की गयी।
