ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के क्वार्टरफाइनल में पहुंचे भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन

Sports

Eksandeshlive Desk

बर्मिंघम : भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार जुझारू प्रदर्शन करते हुए हांगकांग के एंगस एनजी का लॉन्ग को हराकर ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के पुरुष एकल क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। अब क्वार्टरफाइनल में लक्ष्य सेन का सामना चीन के छठी वरीयता प्राप्त ली शी फेंग या आयरलैंड के न्हाट गुयेन से होगा। विश्व नंबर 12 लक्ष्य सेन ने गुरुवार को खेले गए राउंड ऑफ-16 मुकाबले में पूर्व विश्व टॉप-10 खिलाड़ी एंगस एनजी का लॉन्ग को कड़े संघर्ष में 21-19, 21-23, 21-10 से पराजित किया। वर्ष 2022 में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनलिस्ट रहे लक्ष्य ने लंबे और तेज रैलियों वाले मुकाबले में शानदार धैर्य और फिटनेस का प्रदर्शन किया।

मुकाबले की शुरुआत में लक्ष्य सेन थोड़ा पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने 4-6 से पीछे रहने के बाद वापसी करते हुए 15-11 की बढ़त बना ली। आक्रामक रिटर्न और सटीक शॉट प्लेसमेंट से उन्होंने दबाव बनाए रखा। हालांकि अंत में एंगस एनजी का लॉन्ग ने स्कोर 19-19 तक बराबर कर दिया, लेकिन लक्ष्य ने दमदार जंप स्मैश के साथ पहला गेम 21-19 से अपने नाम कर लिया।दूसरे गेम में लक्ष्य सेन ने शानदार शुरुआत की और 11-4 की बढ़त के साथ अंतराल तक पहुंचे। इसके बाद भी उन्होंने आक्रामक खेल जारी रखते हुए 14-7 की बढ़त बना ली। हालांकि हांगकांग के खिलाड़ी ने जोरदार वापसी की और लगातार अंक लेकर स्कोर 20-20 कर दिया। अंत में लक्ष्य के नेट में शॉट लगने से एंगस एनजी का लॉन्ग ने यह गेम 23-21 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। तीसरे गेम में लक्ष्य सेन ने मानसिक मजबूती दिखाते हुए जोरदार वापसी की और जल्दी ही 6-2 की बढ़त बना ली। उनकी मजबूत डिफेंस और तेज हमलों के सामने एंगस एनजी का लॉन्ग टिक नहीं सके। लक्ष्य ने अंतराल तक 11-5 की बढ़त बना ली और इसके बाद लगातार अंक जुटाते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया। अंत में लक्ष्य सेन ने 21-10 से तीसरा गेम जीतकर मैच अपने नाम किया और क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया।

Spread the love