Eksandeshlive Desk
रांची : ओरमांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्मा इरबा गांव में आपसी विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित आदिल अंसारी ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना उस समय हुई जब आदिल के पिता कुर्बान अंसारी अपने एक मित्र के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। रास्ते में उन्हें रोक लिया गया और चाबी छीनने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। शोर सुनकर जब कुर्बान अंसारी का बेटा आदिल अंसारी मौके पर पहुंचा, तो आरोपी चरकू और उसके साथियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आवेदन में बताया गया है कि आरोपी चरकू, जो कि स्वर्गीय हकीम का पुत्र है और अंसार नगर (कर्मा) का निवासी है, ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। आदिल अंसारी ने ओरमांझी थाना प्रभारी को पत्र लिखकर आरोपियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
