सफर होगा आसान, लक्ष्य पर होगा ध्यान : पूर्व प्रमुख लालू साहू
Reporting by Mustaffa
मेसरा (रांची): खेल प्रतिभाओं की धरती झारखंड से एक और सुखद तस्वीर सामने आई है। ओरमांझी के रुक्का मुंडा टोली की प्रतिभावान फुटबॉलर अनुष्का कुमारी की खेल यात्रा को सुगम बनाने के लिए स्थानीय नेताओं और समाजसेवियों ने हाथ बढ़ाया है। पूर्व प्रमुख लालूसाहू ने कहा कि अनुष्का को उनके घर जाकर विशेष रूप से साइकिल भेंट की गई, ताकि उन्हें अपने अभ्यास मैदान तक पहुंचने में सुविधा हो। यह पहल अनुष्का के खेल के प्रति समर्पण और उनकी कड़ी मेहनत को देखते हुए ली गई है। उन्होंने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में पीछे छूट जाती हैं। अनुष्का को मिली यह साइकिल सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि उसके सपनों की नई उड़ान है। कांके पूर्वी जिप सदस्य सह आजसू पार्टी जिलाध्यक्ष संजय कुमार महतो ने कहा कि निरंतर मेहनत और अटूट समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि अनुष्का आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेगी। बताते चलें कि “सम्मान केवल खिलाड़ी का नहीं, माँ का भी।” इस गौरवपूर्ण अवसर पर अतिथियों ने केवल अनुष्का का ही उत्साहवर्धन नहीं किया, बल्कि उनकी माता रीता देवी को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। बताया गया कि यह समाज की ओर से उस संघर्ष को सलाम था, जो एक माँ अपनी बेटी के सपनों को सच करने के लिए करती है। मौके पर भाजपा नेता स्वामी देवेंद्र प्रकाश, भीम मुंडा, सत्यम राज कुशवाहा, कामेश्वर महतो, सुनील नायक सहित क्षेत्र के कई समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की और अनुष्का के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
