ऑस्ट्रेलिया के आम चुनाव में प्रधानमंत्री अल्बानीज की लेबर पार्टी सबसे आगे

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

सिडनी/नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया में हुए आम चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है। सभी नतीजे शनिवार की रात या रविवार की सुबह तक आने की संभावना है। अब तक घोषित नतीजों में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के नेतृत्व वाली लेबर पार्टी सबसे आगे है। चुनाव विशेषज्ञों का मानना है कि अल्बानीज दोबारा सत्ता में वापसी के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एंथनी अल्बनीज को उनकी शानदार जीत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में पुनः निर्वाचित होने पर बधाई दी है।

पार्टी आज रात बहुमत वाली सरकार बनाएगी : द सिडनी मार्निंग हेराल्ड अखबार ने अपनी वेबसाइट पर यह खबर प्रसारित की है। खबर के अनुसार ट्रम्पेट ऑफ पैट्रियट्स के अध्यक्ष क्लाइव पामर ने कहा कि लेबर पार्टी आज रात बहुमत वाली सरकार बनाएगी। उन्होंने पीटर डटन के प्रदर्शन को सबसे खराब करार दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती नतीजे देखने से लगता है कि लिबरल्स 10-15 सीटें खो सकते हैं। बावजूद इसके अल्बानीज को बहुमत मिलता दिख रहा है। अब तक घोषित नतीजों में प्रधानमंत्री अल्बानीज की ऑस्ट्रेलियाई लेबर पार्टी को 37, लिबरल नेशनल गठबंधन (एलएनपी) को 18, आईएनडी को तीन और अन्य को एक सीट मिल चुकी है। अभी तक ग्रीन्स (जीआरएन) का खाता नहीं खुल सका है। उल्लेखनीय हैं कि ऑस्ट्रेलिया संसद में दो सदन हैं। ऊपरी सदन को सीनेट और निचले सदन को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) कहा जाता है। भारत की तरह ही निचले सदन में बहुमत पाने वाली पार्टी या गठबंधन का नेता ही प्रधानमंत्री बनता है। इसकी 150 सीटों के लिए मतदान आज शनिवार को ही हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एंथनी अल्बनीज को बधाई दी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एंथनी अल्बनीज को उनकी शानदार जीत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में पुनः निर्वाचित होने पर बधाई दी। मोदी ने कहा कि वह भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के लिए अल्बनीज के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में लिखा, “ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में आपकी शानदार जीत और पुनः निर्वाचित होने पर एंथनी अल्बानी को बधाई। यह जोरदार जनादेश आपके नेतृत्व में ऑस्ट्रेलियाई लोगों के स्थायी विश्वास को दर्शाता है। मैं भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की आशा करता हूं।”

Spread the love