Eksandeshlive Desk
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 10 लाख रुपए के इनामी जोनल कमांडर समेत 4 नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में एक सबजोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर, और एक महिला नक्सली शामिल हैं। इसके अलावा, एक महिला नक्सली समेत 2 नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया गया है। यह भीषण मुठभेड़ पश्चिमी सिंहभूम के गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा में हुई।
मारे गए नक्सलियों में 3 पर सरकार ने घोषित किए थे इनाम
मारे गए नक्सलियों की पहचान जोनल कमांडर सिंगराई उर्फ मनोज, सबजोनल कमांडर कांडे होनहागा उर्फ दिरशुम, एरिया कमांडर सूर्या उर्फ मुंडा देवगम, और महिला नक्सली कैडर जुनगा पुर्ति उर्फ मारला के रूप में हुई है। इनमें से सिंगराई पर 10 लाख रुपए, कांडे पर 5 लाख रुपए, और सूर्या पर 2 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
सुरक्षा बलों की रणनीति और मुठभेड़ का विवरण
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ और नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले के गुवा थाना क्षेत्र स्थित जंगल में सोमवार की सुबह-सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में 4 नक्सलियों को मार गिराया है और उनके शवों के पास से हथियार और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
सर्च ऑपरेशन और गिरफ्तारियां
एसपी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों को कई बंदूकें और भारी संख्या में कारतूस मिले हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। मुठभेड़ में घायल नक्सलियों में एक एरिया कमांडर और एक हार्डकोर महिला नक्सली शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए दो नक्सलियों की पहचान टाइगर उर्फ पांडू हांसदा और बातरी देवगम के रूप में हुई है। पांडू हांसदा 2 लाख रुपए का इनामी एरिया कमांडर है, जबकि बातरी देवी एक महिला नक्सली है। मुठभेड़ के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है और इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।