Eksandesh Desk
हजारीबाग: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में 26 भारतीय नागरिकों की निर्मम हत्या के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीज़ा रद्द करने और उन्हें देश से निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस निर्णय के आलोक में झारखंड भाजपा ने सोमवार, 5 मई को सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया। हजारीबाग में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह के नेतृत्व में उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है, वहां इस फैसले का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग सहित झारखंड के कई हिस्सों में पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं और केंद्र सरकार के निर्देश के बावजूद राज्य सरकार कार्रवाई करने से कतरा रही है। हजारीबाग में वर्तमान में दो पाकिस्तानी मूल की महिलाएं रह रही हैं।
इनमें एक अनिका रहमान हैं, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एचएच रहमान के भाई सफीकुर्र रहमान की पत्नी हैं। उनकी शादी 1994 में हुई थी और उनका लॉन्ग टर्म वीजा 2014 तक वैध था। फिलहाल वीजा नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी है। अनिका का कहना है कि उनका पाकिस्तान में कोई परिजन नहीं है और वे पिछले पांच वर्षों से वहां नहीं गई हैं। दूसरी महिला फातिमा तंजीम हैं, जो पेलावल थाना क्षेत्र के बारी कॉलोनी निवासी मिराज अख्तर की पत्नी हैं। इनकी शादी 2010 में हुई थी और उनका वीजा 2021 तक वैध था, आगे की प्रक्रिया प्रगति में है। हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों की जानकारी गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय को दे दी गई है और जैसे ही आदेश मिलेगा।