Eksandeshlive Desk
काबुल/इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने रविवार तड़के अफगानिस्तान पर हवाई हमला कर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है।, उधर, अफगानिस्तान में कहा जा रहा है कि पाकिस्तान ने देश के कई हिस्सों में बेवजह बमबारी कर आम लोगों को निशाना बनाया। पाकिस्तान के दुनिया न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, सूचना मंत्रालय ने शनिवार आधीरात बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में सात आतंकवादी शिविरों और ठिकानों को निशाना बनाया। मंत्रालय के मुताबिक, अफ़गानिस्तान के आतंकी इस्लामाबाद, बाजौर और बन्नू में हुए हमलों में शामिल हैं। अफगानिस्तान ने देश में किए गए पाकिस्तान के हवाई हमले को गंभीरता से लिया है। रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान के हवाई हमले की निंदा करते हुए कहा कि इसका माकूल जवाब दिया जाएगा।
एक ही परिवार के 23 सदस्य मलबे में दब गए : इससे पहले, अफगान मीडिया ने कहा कि पक्तिया और नंगरहार प्रांतों में आतंकवादियों के ठिकानों पर धमाके सुने गए। पक्तिया के नंगरहार और मुर्गा बाजार में हुए धमाकों में आतंकवादियों का ढांचा पूरी तरह से तबाह हो गया। पाकिस्तान के युद्धक विमानों ने अलग-अलग इलाकों में हवाई हमले किए। हताहतों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। नंगरहार के खोगयानी, खेल और बेहसूद जिलों में धमाके हुए, जिससे आतंकवादियों के ठिकाने नष्ट हो गए। द अफगानिस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमले में एक ही परिवार के 23 सदस्य मलबे में दब गए। इनमें से चार अब तक सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। बाकी अभी भी लापता हैं। यह हमला शनिवार आधी रात के आसपास हुआ। पाकिस्तान ने नंगरहार प्रांत के तीन और पक्तिका प्रांत के दो जिलों को निशाना बनाया। हमले के वायरल वीडियो में नंगरहार प्रांत में प्रभावित परिवार का एक सदस्य मलबे में अपने रिश्तेदारों को ढूंढता हुआ दिख रहा है। परिवार के एक सदस्य ने बताया, “हमारे परिवार के 23 सदस्य मलबे में दबे हैं। अब तक हम चार निकल पाए हैं। बाकी अभी भी लापता हैं।” उन्होंने कहा, “हम किसान हैं। हमने पूरे दिन अपने खेतों में काम किया। शाम को अपना रोजा तोड़ा। अपनी चाची से बात की। जब हमला हुआ हम सब सो रहे थे।” तालिबान ने अभी तक पक्तिका के बरमल, उरगुन जिलों और नंगरहार के बेहसूद, खोगयानी और गनी खेल जिलों की स्थिति पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इस बीच, पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि यह हमले पाकिस्तान में हाल ही में हुए आत्मघाती हमलों के जवाब में किए गए।
अफगानिस्तान की पाकिस्तान को माकूल जवाब की चेतावनी : अफगानिस्तान इस्लामिक अमीरात के रक्षा मंत्रालय (नेशनल डिफेंस मिनिस्ट्री) ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान की सेना ने एक बार फिर नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में हमला करके देश के हवाई क्षेत्र (एयर स्पेस) का उल्लंघन किया है। एरियाना न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हमलों में एक धार्मिक मदरसा और कई आम लोगों के घर शामिल थे। हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित आम लोगों की मौत हो गई। मंत्रालय ने हवाई हमले की कड़ी निंदा की और इसे अफगानिस्तान की राष्ट्रीय संप्रभुता का साफ उल्लंघन बताया। साथ ही इसे अंतरराष्ट्रीय कानून, इस्लामी सिद्धांतों और पड़ोसी संबंधों के नियमों का भी उल्लंघन बताया। बयान में इस बात की पुष्टि की गई कि देश की संप्रभुता और अपने नागरिकों की रक्षा करना अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों की धार्मिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय कर्तव्य दोनों हैं। इसने चेतावनी दी कि सही समय पर सोचा-समझा और सही जवाब दिया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि आम इलाकों और धार्मिक संस्थानों पर हमले पाकिस्तान के खुफिया और सुरक्षा विभाग की अक्षमता को दिखाते हैं। ऐसे हमले इस्लामाबाद की अंदरूनी कमियों को छिपा नहीं सकते।
