Eksandeshlive Desk
रामगढ़ : कर्मचारी विकास केंद्र, पीवीयूएनएल, पतरातु द्वारा 9 अप्रैल से 10 अप्रैल तक “नए श्रम संहिताओं की समझ” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. पी. के. पाधी, प्रोफेसर, एक्सएलआरआई जमशेदपुर द्वारा किया गया, जिन्होंने भारत में बदलते श्रम कानूनों के परिदृश्य पर महत्वपूर्ण जानकारी पूर्ण सत्र प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम में पीवीयूएनएल एवं एनएमएल के विभिन्न विभागों से कुल 32 अधिकारियों ने भाग लिया, जिन्होंने पूरे सत्र के दौरान उत्साहपूर्वक सहभागिता और गहरी रुचि दिखाई।
कार्यक्रम का उद्घाटन ए. के. सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), पीवीयूएनएल द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए निरंतर अपने ज्ञान को अद्यतन करने के लिए प्रेरित किया तथा वर्तमान बदलते औद्योगिक परिवेश में नियामकीय परिवर्तनों से अवगत रहने के महत्व पर बल दिया। इस अवसर पर अनुपम मुखर्जी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) एवं जियाउर रहमान, मानव संसाधन प्रमुख भी उपस्थित थे। उन्होंने प्रतिभागियों को कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया, ताकि अधिकतम सीख सुनिश्चित की जा सके। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में नई श्रम संहिताओं के प्रति जागरूकता एवं समझ विकसित करना था, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी हैं। सत्रों के दौरान प्रमुख प्रावधानों, अनुपालन आवश्यकताओं तथा उनके संगठनों और कर्मचारियों पर व्यावहारिक प्रभावों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों द्वारा सराहा गया तथा समकालीन श्रम कानूनों की उनकी समझ को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
