पीवीयूएनएल, पतरातू में ‘गांव से शहर का सफर’ थीम पर भव्य वसंतोत्सव मेले का आयोजन

Business

Eksandeshlive Desk

पतरातू/रामगढ़ : पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल), पतरातू द्वारा ‘गांव से शहर का सफर’ थीम पर भव्य वसंतोत्सव मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पीवीयूएनएल के कर्मचारी, उनके परिवारजन एवं आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवीन जैन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एनएमएल (NML) थे। उनका स्वागत पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए. के. सहगल एवं स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्ष रेणु सहगल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में अनुपम मुखर्जी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना), बिष्णु दत्त दास, महाप्रबंधक (परियोजना) तथा जियाउर रहमान, प्रमुख मानव संसाधन (एचओ-एचआर) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से की गई, जिसके पश्चात केक कटिंग समारोह आयोजित हुआ। मेले में लेडीज़ क्लब द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल एवं पारंपरिक व आधुनिक व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए गए। मुख्य अतिथि ने सभी स्टॉलों का भ्रमण कर प्रस्तुत खाद्य सामग्री की सराहना की और स्टॉल संचालकों से संवाद किया। सामाजिक दायित्व के तहत पीवीयूएनएल प्रबंधन एवं लेडीज़ क्लब द्वारा वृद्धाश्रम को गीजर, छात्रों को अध्ययन हेतु बेड टेबल तथा बिहोर समुदाय के लिए बहुउद्देशीय शेड का वितरण किया गया। यह पहल समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान की दिशा में पीवीयूएनएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बसंतोत्सव मेले ने ग्रामीण संस्कृति और शहरी विकास के संगम को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित किया। उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Spread the love