Eksandeshlive Desk
भुरकुंडा (रामगढ़) : पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) की ओर से पीवीयूएनएल टाउनशिप स्कूल परिसर में एक सप्ताहीय ‘जेम विंटर वर्कशॉप’ का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन एके सहगल मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), पीवीयूएनएल एवं रेनू सहगल अध्यक्ष स्वर्णरेखा महिला समिति द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन अवसर पर अनुपम मुखर्जी सीजीएम (प्रोजेक्ट), मनीष खेतरपाल महाप्रबंधक (ओएंडएम), ज़ियाउर रहमान एचओएचआर सहित पीवीयूएनएल की सीएसआर एवं एचआर टीम के सदस्य उपस्थित थे। यह कार्यशाला पीवीयूएनएल की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें आसपास के गांवों से चयनित 26 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एक सप्ताह तक चलने वाली इस कार्यशाला में बालिकाओं को कला एवं शिल्प, गणित व विज्ञान की बुनियादी समझ, भावनात्मक एवं शारीरिक विकास, आत्मरक्षा, आत्मविश्वास तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अपने संबोधन में सीईओ एके सहगल ने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल देते हुए कहा कि बेटियां समाज की अनमोल धरोहर हैं। उन्होंने प्रतिभागी बालिकाओं को अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ये बालिकाएं भविष्य में समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वहीं रेनू सहगल ने भी बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उनके आत्मबल और आत्मविश्वास को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। पीवीयूएनएल द्वारा आयोजित यह ‘जेम विंटर वर्कशॉप’ बालिकाओं के सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल है, जो शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति पीवीयूएनएल की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
