पेट्रोल पंप मैनेजर पर हमला कर 2.80 लाख की लूट

Crime

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग : हजारीबाग के खिरगांव स्थित आरआर पेट्रोल पंप के मैनेजर अवधेश कुमार पर शुक्रवार रात अपराधियों ने हमला कर दो लाख 80 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना नमस्कार चौक के पास की है। इस दौरान अपराधियों ने अवधेश कुमार पर फायरिंग भी की। इस हमले में मैनेजर बाइक से गिर गए और उनके हाथ में चोट आई। घायल मैनेजर को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अवधेश कुमार कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव के रहने वाले हैं। वे बैंक बंद होने के कारण दिन का कलेक्शन इमली कोठी चौक स्थित पेट्रोल पंप मालिक के घर ले जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पहले से मैनेजर की रेकी की थी। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बताया कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति पिछले कई दिनों से पंप के आसपास घूम रहे थे। शनिवार को बड़ा बाजार थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना में प्रयुक्त वाहन को ट्रैक करने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इन फुटेज में कैद संदिग्धों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से पेट्रोल पंप संचालकों और मैनेजरों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। आम लोगों में भी अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर चिंता जताई जा रही है।

Spread the love