पहले पति पर किया दहेज उत्पीड़न का केस, दूसरे युवक को बताया बच्चों का बाप

Crime

Eksandeshlive Desk

रामगढ़ : ऐसा कहा जाता है कि मोहब्बत और जंग में उठाया गया हर कदम जायज है। रामगढ़ में भी मोहब्बत पाने के लिए एक महिला ने सारे दायरे तोड़ दिए हैं। रांची रोड मरार की रहने वाली दीप्ति सिन्हा ने एक युवक निशित उर्फ निक्कू कपूर को अपने बच्चों का पिता बताया और उस पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया। अब निक्कू कपूर ने थाने में एक ऐसा सबूत पेश किया है, जिसमें यह स्पष्ट हुआ है कि दीप्ति सिन्हा की शादी 14 साल पहले वर्ष 2010 में हो चुकी थी। उसने अपने पति मुकेश सिन्हा पर 2014 में दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई और तलाक लेने का प्रयास कर रही है। उसने जब प्राथमिकी दर्ज कराई, तब वह दो बच्चों की मां थी।

20 दिनों से रामगढ़ पुलिस थाने में चल रहा हाई वोल्टेज ड्रामा

रामगढ़ थाने में यह मुद्दा पिछले 20 दिनों से हाई वोल्टेज ड्रामा क्रिएट कर चुका है। दीप्ति सिन्हा की शिकायत पर पुलिस ने निक्कू कपूर की तलाश शुरू की और उसके घर पर भी पहुंची थी। निक्कू के पिता संजय प्रसाद ने पुलिस को जो बताया उससे एक अलग ही रंग इसमें शामिल हो गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि दीप्ति सिन्हा धनबाद जिले के कतरास में अपने पति मुकेश सिन्हा के साथ रहती थी। वह अपने पति को छोड़कर रामगढ़ में उनके होटल में काम करने पहुंची। यहां उसने उनके बेटे को ही अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। उन दोनों की ना तो शादी हुई है ना ही निक्कू दीप्ति के बच्चों का पिता है।

पति, भैसुर और गोतनी पर दीप्ति ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी

दीप्ति सिन्हा ने कतरास थाने में अपने पति मुकेश कुमार सिन्हा, भैसुर अमलेश कुमार सिन्हा और गोतनी कविता सिन्हा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 21 अप्रैल 2014 को दर्ज इस प्राथमिकी की सुनवाई आज भी धनबाद कोर्ट में चल रही है। इस मुद्दे को जब पुलिस के समक्ष रखा गया तब दीप्ति सिन्हा से भी पुलिस ने सवाल करना शुरू किया। उसने जितने भी आरोप निशित उर्फ निक्कू कपूर पर लगाए थे, उससे जुड़े कोई भी सबूत वह अभी तक पेश नहीं कर पाई है।

Spread the love