पहले सिर्फ सरकारी विद्यालयों में फहरता था तिरंगा, प्रधानमंत्री मोदी ने इसे जन अभियान बनाया: बाबूलाल

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रांची महानगर जिला के तत्वावधान में रविवार को आगामी 10 से 15 अगस्त तक निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा (हर घर तिरंगा अभियान) को लेकर महानगर कार्यालय में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यशाला को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2014 से पहले स्वतंत्रता दिवस पर सिर्फ सरकारी विद्यालयों में तिरंगा फहरया जाता था, लेकिन आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे जन अभियान बना दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को घर-घर पहुंचाने के लिए आम जनता एवं समाज के विभिन्न वर्गों में जाकर सहयोग मांगेंगे।

बाबूलाल ने कहा कि हर घर तिरंगा यात्रा के माध्यम से आजादी के महत्व को आम जनता को बताना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग और समुदाय में पहुंचाने का आह्वान किया। प्रमंडलीय प्रभारी गणेश मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा यात्रा हमें एक सूत्र में जोड़ता है। कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज के लोगों को जोड़ें। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि रांची महानगर में इस बार भाजपा पांच लाख तिरंगा झंडा लगाकर इस कार्यक्रम को जन अभियान बनायेगी। कार्यशाला में बाबूलाल मरांडी, प्रमंडलीय प्रभारी गणेश मिश्रा, सीमा पासवान, सीमा सिंह, के.के. गुप्ता, बलराम सिंह एवं जितेंद्र वर्मा सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन महामंत्री जितेंद्र वर्मा और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री बलराम सिंह ने किया।