Kamesh Thakur
रांची: पिठौरिया थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के गहने चुरा लिए। यह घटना बुधवार देर रात की है। पिठोरिया के रणधीर कॉम्पलेक्स में स्थित सचित ज्वेलर्स नामक दुकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। लेकिन चोरों ने सीधे ज्वेलरी शॉप का शटर काटने के बजाय उसके बगल में स्थित जूते की दुकान की दीवार तोड़ दी और वहां से अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार चोर दुकान का लॉकर तो नहीं तोड़ सके, लेकिन शो केस में रखे गहनों और रिपेयरिंग के लिए आए गहनों को उठा ले गए। चोरी की पूरी घटना को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पिठोरिया थाना प्रभारी अभय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और चोरों की पहचान की कोशिश जारी है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
