पलामू के डालटनगंज रेलवे स्टेशन से डेढ़ किलो अफीम बरामद, महिला सहित तीन गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गढ़वा ने पंजाब के चंडीगढ़ अफीम ले जाने से पहले डालटनगंज रेलवे स्टेशन से शुक्रवार सुबह अफीम बरामद किया है। साथ ही तीन आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम का वजन डेढ़ किलो है, जिसका सरकारी मूल्य साढे सात लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के गोइंदी गांव निवासी ज्ञानती देवी (55), नागेंद्र पासवान (26) और वीरेंद्र साहू (40) के रूप में की गई है।

तीनों तस्कर स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन पकड़ने वाले थे

बताया गया है कि डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर एक महिला और दो पुरुषों को संदिग्ध हालात में देखकर उनसे पूछताछ की गई। बाद में सामान का सर्च करने पर उनके पास से डेढ़ किलो अफीम बरामद किया गया। आरपीएफ के अनुसार, तीनों तस्कर डालटनगंज रेलवे स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन पकड़कर डेहरी और फिर वहां से वाराणसी जाते। फिर चंडीगढ़ के लिए रवाना होते। चंडीगढ़ में अफीम की डिलीवरी देनी थी। तीनों अफीम हैंडलर हैं। तरहसी से उन्हें किसने अफीम दी थी। चंडीगढ़ में किसको अफीम देनी थी, इसके लिए अनुसंधान किया जा रहा है।

छठ से पहले भी अफीम की खेप चंडीगढ़ पहुंचाई थी

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि इन लोगों ने छठ से पहले भी अफीम की खेप चंडीगढ़ पहुंचाई थी। गिरफ्तार नागेंद्र तीन साल पहले हरियाणा में अफीम तस्करी करते गिरफ्तार हुआ था। एक साल पहले गांव आया था। यहां आने के बाद फिर इसी कारोबार से जुड़ गया।

Spread the love