पलामू की महिला के साथ बिहार में सामूहिक दुष्कर्म

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू की एक महिला के साथ बिहार के गया में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता चैनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह वर्तमान में मेदिनीनगर में किराए के मकान में रहती है। चार बच्चों की मां इस 30 वर्षीय महिला को उसकी एक महिला मित्र मेले में काम दिलाने के बहाने गया ले गई थी। पुलिस ने शहर थाने में तीन आरोपियों और महिला मित्र के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है।

मेले में टिकट काटने का काम करने वाली पीड़िता तीन दिन पहले ही वहां पहुंची थी। घटना के दिन वह अपने कमरे में प्रेमी के साथ थी। दूसरे कमरे में उसकी महिला मित्र तीन पुरुषों के साथ शराब पी रही थी। नशे में धुत तीनों आरोपियों ने पीड़िता के प्रेमी को मारपीट कर भगा दिया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की हालत बिगड़ने पर महिला मित्र उसे पलामू ले आई। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के बाद वह फरार हो गई। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। आरोपियों में मेले का एक झूला मालिक, पीड़िता के किराए के मकान का मालिक और महिला मित्र का एक साथी शामिल हैं। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है।