पलामू में दो घरों से लाखों की चोरी

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : जिले के चैनपुर प्रखंड के पूर्वडीहा पंचायत के कोल्हुआ गांव में एक ही रात दो बंद घरों में चोरी कर ली गई। चोरों ने एक ही तरीके से दोनों घर में लगे ताले तोड़कर घर में महंगे आभूषण सहित नकदी की चोरी कर ली। 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की जानकारी दी गई है। सूचना मिलने पर चैनपुर थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन करते हुए चोरों की तलाश में जुट गई है।

कोल्हुआ निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक बिंदेश दुबे अपने बच्चों और परिवार के साथ वाराणसी में रहते हैं तथा दूसरे घर के मालिक मनोज दुबे जो अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। दोनों लोगों के घर में गहना और नकद की चोरी कर ली गई है। बिंदेश दुबे के घर से 4 सेट गहना और एक लाख नकद की चोरी कर ली गई, जबकि मनोज दुबे के घर से दो लाख का गहना और 10 हजार नकद की चोरी कर ली गई है। लोगों का शक है कि कबाड़ी वाले लोग आते हैं और बंद घरों की रेकी करते हैं फिर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार सुबह 7:00 बजे आसपास के लोगों ने देखा कि बिंदेश दुबे और मनोज दुबे के घर के ताले टूट और मुख्य गेट खुला हुआ मिला। चोरी की घटना स्पष्ट होने पर इसकी जानकारी मकान मालिक और चैनपुर थाना पुलिस को दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Spread the love