पलामू में मॉब लिंचिंग, ग्रामीणों ने एक युवक को बैट्री चोर समझ कर पीट पीट कर मारा डाला

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र में बैटरी चोरी के शक में एक युवक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। इससे गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने एक युवक को चोरी करते देख लिया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया और जमकर मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा कोकरसा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पड़वा के थाना प्रभारी अंचित कुमार ने रविवार को बताया कि शनिवार की देर रात उन्हें सूचना मिला की तेलियाही गांव के ग्रामीण एक युवक पवन कुमार को चोरी का आरोप लगाकर मारपीट कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां देखा कि पवन कुमार गंभीर रूप से घायल पड़ा हुआ है। इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों का आरोप है कि पवन किसी के घर में चोरी की घटना को अंजाम दे रहा था। इसी वजह से ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट की। इस वजह से उसकी मौत हो गई, परंतु मामला क्या है, पुलिस इसकी गहन जांच कर रही हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Spread the love