Eksandeshlive Desk
पलामू : राजस्थान और पंजाब तस्करी से पहले पलामू पुलिस ने अफीम की बड़ी खेप बरामद की। बुधवार रात दो बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन रोड में छापामारी कर साढ़े छह किलो अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। बरामद अफीम की बाजार कीमत 32 लाख रुपये से अधिक है। तस्कर की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक सफेद रंग की 4 पहिया वाहन (जेएच 01 एफवाई 5271) से अफीम लेकर स्टेशन रोड की ओर आ रहा था। गुप्त सूचना पर वाहन जांच में पुलिस को सफलता मिली। जिले की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने गुरुवार दोपहर को इसकी पुष्टि की।
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार से एक युवक अफीम लेकर डालटनगंज रेलवे स्टेशन की ओर आ रहा है। टीम गठित कर स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर जांच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में संबंधित कार नजर आयी। रोककर तलाशी लेने पर ड्राइबर सीट पर बैठा एक युवक नजर आया। कार से एक बैग मिली। उसकी तलाशी लेने पर अफीम की छह अलग-अलग पैकेट बरामद हुई। डीडी किट से जांच करने पर अफीम रहने की पुष्टि हुई। एसपी ने बताया कि तस्कर अभिषेक राजस्थान और पंजाब के तस्करों को अफीम देने के लिए स्टेशन की ओर आ रहा था। हालांकि अभिषेक के पकड़े जाने की भनक लगते ही राजस्थान और पंजाब से आए तस्कर फरार हो गए। अभिषेक पलामू और चतरा के सीमावर्ती क्षेत्र से अफीम लाया था। पूरे मामले में जांच की जा रही है। संलिप्त अन्य लोगों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि आरोपी अभिषेक ठगी के मामले में भी शामिल रहा है। पश्चिम बंगाल की राजाघाट पुलिस लंबे समय से इसकी तलाश में है। टेलीग्राम के माध्यम से 18 लाख रूपये की ठगी मामले में इसकी संलिप्तता है। चैनपुर थाना में इसके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज है।
