पूर्व एसडीओ की गिरफ्तारी को लेकर थाना पहुंचे परिजन

Crime

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग : हजारीबाग के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार पर पत्नी अनीता देवी की हत्या का गंभीर आरोप लगा है। मृतका के भाई राजू कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को महिलाओं ने लोहसिंघना थाना में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने विरोध स्वरूप सिर पर लाल रिबन बांधा था। घटना पिछले महीने की है। जब सरकारी एसडीओ आवास में आग लगने से अनीता देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका के भाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें एसडीओ अशोक कुमार पर अपनी बहन को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। राजू कुमार गुप्ता ने पूर्व में भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि एसडीओ के अवैध संबंध इस घटना का मुख्य कारण है।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि इतनी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।